गंगा बैराज का जलस्तर चेतावनी बिंदु से ऊपर पहुंचा
गंगा बैराज का जलस्तर चेतावनी बिंदु से ऊपर पहुंचा

गंगा बैराज का जलस्तर चेतावनी बिंदु से ऊपर पहुंचा
रामराज (मुजफ्फरनगर)। गंगा बैराज का जलस्तर चेतावनी बिंदु से ऊपर पहुंचने से खादर क्षेत्र के कई गांवों के जंगलों में पानी पहुंच गया है। गंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण प्रशासन ने खादर क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया है। ग्रामीणों को बाढ़ की आशंका सताने लगी है।
शुक्रवार से पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही भारी बारिश के कारण गंगा बैराज का जलस्तर चेतावनी बिंदु 219 से बढ़कर 219.70 मीटर पर पहुंच गया है। गंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण खादर क्षेत्र के जीवनपुरी, रामपुर ठकरा, रहड़वा क़दीम, रहड़वा जदीद आदि कई गांव के जंगलों में गंगा का पानी पहुंच गया है। जीवनपुरी व रामपुर ठकरा के लिंक मार्ग पर जल भराव होने के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गंगा का जल स्तर बढ़ता देख प्रशासन ने खादर क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया है। बाढ़ चौकियों को भी अलर्ट कर दिया गया है। रविवार दोपहर को गंगा के डाउन में नदी का निस्तारण एक लाख 46 हजार 47 क्यूसेक था। जबकि सुबह हरिद्वार से गंगा बैराज में एक लाख 42 हजार 729 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। गंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण खादर क्षेत्र के ग्रामीणों को बाढ़ की आशंका सताने लगी है।