एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने नगर क्षेत्र के समस्त थाना प्रभारियों के साथ गोष्ठी कर अपराध एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने नगर क्षेत्र के समस्त थाना प्रभारियों के साथ गोष्ठी कर अपराध एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

दिनांक 18.02.2026 को पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में नगर क्षेत्र के समस्त थाना प्रभारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य जनपद में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था की सुदृढ़ता तथा लंबित प्रकरणों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की समीक्षा करना रहा। गोष्ठी में सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ मिश्रा उपस्थित रहे।
गोष्ठी के दौरान “जीरो फैटैलिटी डिस्ट्रिक्ट” (ZFD) अभियान की विस्तृत समीक्षा करते हुए सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु दर को शून्य करने के उद्देश्य से अब तक की गई कार्यवाही का आंकलन किया गया। पुलिस अधीक्षक नगर महोदय द्वारा निर्देशित किया गया कि ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर वहां विशेष सतर्कता बरती जाए, सघन वाहन चेकिंग, ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट/सीट बेल्ट के वाहन संचालन के विरुद्ध निरंतर अभियान चलाया जाए। साथ ही ट्रैफिक नियमों के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने हेतु स्कूल-कॉलेजों एवं सार्वजनिक स्थलों पर अभियान चलाने के निर्देश दिए गए, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और जनहानि को रोका जा सके। इसके साथ ही साइबर अपराधों की समीक्षा करते हुए ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया दुरुपयोग, डिजिटल फ्रॉड एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष बल दिया गया तथा निर्देशित किया गया कि पीड़ितों की धनराशि को समय रहते होल्ड/रिफंड कराने की कार्यवाही प्राथमिकता पर की जाए तथा आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने हेतु थाना स्तर पर निरंतर जागरूकता अभियान चलाए जाएं। इसके उपरान्त महोदय द्वारा जनपद में चलाए जा रहे अभियानों की समीक्षा करते हुए वारंटी/वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, गैंगस्टर/गुण्डा एक्ट की कार्यवाही, अवैध शराब एवं नशा तस्करी के विरुद्ध अभियान, शस्त्र बरामदगी तथा सघन वाहन चेकिंग को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए। तत्पश्चात महोदय द्वारा एसआईडी के अंतर्गत की गई कार्यवाही की समीक्षा की गयी तथा जमानत तस्दीक रजिस्टर एवं अन्य अभिलेखों के रखरखाव की भी समीक्षा की गई। महोदय द्वारा निर्देशित किया गया कि जमानत पर रिहा अभियुक्तों का नियमित सत्यापन किया जाए तथा पुनः अपराध में संलिप्त पाए जाने पर तत्काल कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, सभी रजिस्टर अद्यतन एवं सुव्यवस्थित पाए जाएं। उनके द्वारा आगामी त्यौहारों एवं विशेष आयोजनों के दृष्टिगत कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए साथ ही संवेदनशील स्थलों पर पैदल गश्त, फ्लैग मार्च, सीसीटीवी/ड्रोन मॉनिटरिंग, सोशल मीडिया निगरानी एवं स्थानीय संभ्रांत व्यक्तियों के साथ संवाद स्थापित कर समन्वय बनाए रखने हेतु निर्देशित किया गया। अंत में पुलिस अधीक्षक नगर द्वारा निर्देशित किया गया कि सभी अधिकारी शिकायतकर्ताओं के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाएं, जनसुनवाई में प्राप्त प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें तथा अपने-अपने क्षेत्र में प्रभावी पुलिसिंग कर कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखें।
*MEDIA CELL, MUZAFFARNAGAR POLICE*
