मुज़फ्फरनगर
जिला प्रशासन द्वारा गुरुवार को कलक्ट्रेट परिसर में आग लगने की आपात स्थिति से निपटने के लिए व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशन में नागरिक सुरक्षा एवं आपदा विभाग के बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों ने राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया।
मॉक ड्रिल के दौरान कलक्ट्रेट परिसर में आग लगने की काल्पनिक स्थिति बनाई गई, जिसके बाद फायर ब्रिगेड, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और सिविल डिफेंस की टीमों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर की छत पर फंसे दो लोगों को सुरक्षित निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अनिरुद्ध प्रताप सिंह और सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर ने कहा कि किसी भी आपदा की स्थिति में घबराने के बजाय संयम और सतर्कता बेहद जरूरी है। समय पर सही निर्णय लेकर बड़े हादसों को टाला जा सकता है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग सिंह और आपदा विभाग के ट्रेनर जैकी कुमार ने गैस सिलेंडर में आग लगने पर उसे सुरक्षित तरीके से बुझाने के उपाय भी बताए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, सरकारी कर्मचारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की मॉक ड्रिल का उद्देश्य लोगों को आपदा के समय बेहतर प्रतिक्रिया और बचाव के लिए तैयार करना है, जिससे जन-धन की हानि को न्यूनतम किया जा सके। :::









