

मुजफ्फरनगर – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने 14/15 अक्टूबर की देर रात थाना बुढ़ाना का आकस्मिक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था, अभिलेखों के रखरखाव और लंबित विवेचनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना कार्यालय, कंप्यूटर कक्ष, आगंतुक कक्ष, मिशन शक्ति केंद्र, साइबर हेल्प डेस्क, भोजनालय और मालखाने का जायजा लिया। उन्होंने अपराध रजिस्टरों सहित विभिन्न अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने और उन्हें नियमित रूप से अद्यतन करने के निर्देश दिए।
कंप्यूटर कक्ष और साइबर हेल्प डेस्क के निरीक्षण में डाटा प्रविष्टियों को समयबद्ध एवं त्रुटिरहित रखने पर जोर दिया गया। वहीं, मिशन शक्ति केंद्र पर महिला संबंधी शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ त्वरित निस्तारण करने तथा पीड़ितों को उचित सहायता और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने पुलिसकर्मियों के लिए स्वच्छ, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा। इसके साथ ही क्षेत्र में नियमित गश्त, संवेदनशील स्थानों पर सतर्क निगरानी और कानून-व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, सीओ बुढ़ाना गजेंद्रपाल सिंह, सीओ फुगाना नरेंद्र सिंह यादव और थाना प्रभारी सुभाष अत्री सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप

