मुजफ्फरनगर – मैक्स लाइफ इंश्योरेंस और IRDAI का अधिकारी बनकर लोगों को बीमा लाभ दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह को कमीशन पर बैंक खाता उपलब्ध कराने के आरोप में साइबर थाना पुलिस ने खतौली निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, गृह मंत्रालय के प्रतिबिंब पोर्टल पर मुजफ्फरनगर से जुड़ा एक बैंक खाता संदिग्ध गतिविधियों के चलते सामने आया था। जांच में पता चला कि इस खाते के माध्यम से बीमा लाभ का लालच देकर लोगों से ठगी की रकम मंगाई जा रही थी।
जांच के दौरान खाते में करीब 25 लाख 64 हजार रुपये की संदिग्ध साइबर ठगी से संबंधित धनराशि का पता चला। इस खाते के संबंध में महाराष्ट्र, झारखंड और मध्य प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों में साइबर धोखाधड़ी की चार शिकायतें दर्ज मिलीं।
साइबर थाना पुलिस ने 28 नवंबर को खाते का संचालन करने वाले कुलदीप पुत्र हरगोविंद सिंह निवासी शिवपुरी, खतौली को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में हुआ कमीशन पर खाता देने का खुलासा
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह पहले क्रेन सर्विस का काम करता था। काम बंद होने के बाद उसके परिचित आशीष ने बिजनेस का पैसा खाते में मंगवाने के बदले 2 प्रतिशत कमीशन देने का लालच दिया। इसके बाद आरोपी ने अपना HDFC बैंक खाता इस्तेमाल करने की सहमति दे दी।
आरोपी के मुताबिक, आशीष उसके खाते में रकम ट्रांसफर करवाता और बैंक से निकलवाने के बाद उसे 2 प्रतिशत कमीशन देता था। बाकी रकम साहिल उर्फ नितिन निवासी गाजियाबाद को दी जाती थी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी के खिलाफ दिल्ली के नॉर्थ वेस्ट साइबर थाने में भी एक अन्य मुकदमा दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
कार्रवाई करने वाली टीम: प्रभारी निरीक्षक कर्मवीर सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह, पंकज सिंह सहित साइबर थाना पुलिस टीम शामिल रही।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप


