
मुजफ्फरनगर, 26 नवंबर 2026 – संविधान दिवस के अवसर पर जनपद मुजफ्फरनगर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह की अध्यक्षता में विकासखंड खतौली की ग्राम पंचायत सरायरसूलपुर स्थित भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर मूर्ति स्थल पर जीर्णोद्धार कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और उपस्थित ग्रामीणों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना एवं संवैधानिक मूल्यों के प्रति निष्ठा रखने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके बाद जिलाधिकारी ने मूर्ति स्थल के जीर्णोद्धार कार्य के लिए भूमि पूजन किया। कार्यक्रम में विधायक के प्रतिनिधि अजीत राठी, ब्लॉक प्रमुख संजो गौतम, उपजिलाधिकारी ललित कुमार शर्मा तथा ग्राम प्रधान तय्यब अली सहित लगभग 350 ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर लखनऊ से प्रसारित मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण भी उपस्थित लोगों ने देखा और सुना। कार्यक्रम में भारतीय संविधान की महत्ता और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में इसकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को संविधान के प्रति जागरूक करना तथा संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों और उनके योगदान से प्रेरणा लेकर संवैधानिक आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम का मंच संचालन खंड विकास अधिकारी ज्योति चावला ने किया। आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
**जिला पंचायत सभागार में अधिकारियों-कर्मचारियों ने पढ़ी संविधान की प्रस्तावना**
संविधान दिवस के अवसर पर जिला पंचायत सभागार में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां अपर जिलाधिकारी प्रशासन देश दीपक सिंह एवं अपर जिलाधिकारी न्यायिक सुशील कुमार ने अधिकारियों और कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया तथा संविधान में निहित आदर्शों, मूल्यों और मूल कर्तव्यों के प्रति निष्ठावान रहने की शपथ दिलाई।
इस दौरान संविधान में उल्लिखित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता के सिद्धांतों को अपने आचरण और कार्यशैली में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। प्रत्येक नागरिक और लोकसेवक का दायित्व है कि वह संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करते हुए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करे।
साथ ही पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कानून के प्रति सम्मान, निष्पक्षता, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना से कार्य करने तथा आमजन के अधिकारों एवं संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक सुशील कुमार सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप

