
मुजफ्फरनगर, 26 नवंबर 2026 – संविधान दिवस के अवसर पर जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह की अध्यक्षता में विकासखंड खतौली की ग्राम पंचायत सरायरसूलपुर स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर मूर्ति स्थल पर जीर्णोद्धार कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित लोगों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराते हुए संवैधानिक मूल्यों के प्रति निष्ठा रखने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद भूमि पूजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक के प्रतिनिधि अजीत राठी, ब्लॉक प्रमुख संजो गौतम, उपजिलाधिकारी ललित कुमार शर्मा, ग्राम प्रधान तय्यब अली सहित करीब 350 ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर लखनऊ से प्रसारित मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण भी उपस्थित लोगों ने देखा और सुना। वक्ताओं ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए बाबा साहब के योगदान को याद किया। कार्यक्रम का संचालन खंड विकास अधिकारी ज्योति चावला ने किया।
जिला पंचायत सभागार में भी दिलाई गई शपथ
संविधान दिवस के अवसर पर जिला पंचायत सभागार में अपर जिलाधिकारी प्रशासन देश दीपक सिंह एवं अपर जिलाधिकारी न्यायिक सुशील कुमार ने अधिकारियों और कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराया तथा संवैधानिक आदर्शों, मूल्यों और मूल कर्तव्यों के प्रति निष्ठावान रहने की शपथ दिलाई।
इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। प्रत्येक नागरिक और लोकसेवक का दायित्व है कि वह न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता के आदर्शों का सम्मान करते हुए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करे।
पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी कानून के प्रति सम्मान, निष्पक्षता, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना से कार्य करने तथा आमजन के अधिकारों एवं संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहने का संदेश दिया गया।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप

