
मुजफ्फरनगर, 26 नवंबर 2026 – संविधान दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार जनपद मुजफ्फरनगर में ‘एक स्वर, एक संविधान’ अभियान के अंतर्गत सामूहिक प्रस्तावना पाठ एवं ‘संविधान पर संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य कार्यक्रम डीएवी इंटर कॉलेज मुजफ्फरनगर में आयोजित हुआ, जिसमें न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने भाग लिया।
जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष राजीव कमल पाण्डेय के निर्देशानुसार सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव डॉ. सत्येन्द्र कुमार बौधरी के नेतृत्व में कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस दौरान उपस्थित लोगों ने भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ किया और संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय, अपर जिला जज, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, सिविल जज, न्यायिक अधिकारी, जिला बार एसोसिएशन एवं सिविल बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, लीगल एंड डिफेंस काउंसिल के अधिवक्ता तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी उपस्थित रहे। डीएवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण और छात्र-छात्राओं ने भी सक्रिय सहभागिता की।
**391 विद्यालयों में एक साथ हुआ आयोजन**
संविधान दिवस पर जनपद में इस अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित किया गया। मुजफ्फरनगर के कुल 391 विद्यालयों में एक साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 1,51,763 विद्यार्थियों ने भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ किया।
इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन को संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक व्यवस्था तथा न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता जैसे संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना रहा।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप

