
मुजफ्फरनगर – जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय निराश्रित गोवंश संरक्षण अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में गौशालाओं में गोवंश के संरक्षण, व्यवस्थाओं और निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों और अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में शेष निराश्रित गोवंश को जल्द से जल्द गौशालाओं में संरक्षित कराया जाए। जिन गौशालाओं में क्षमता के अनुरूप गोवंश नहीं हैं, वहां अधिक गोवंश वाली गौशालाओं से स्थानांतरण कर व्यवस्था संतुलित की जाए। साथ ही सभी गौशालाओं में जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ठंड के मौसम को देखते हुए डीएम ने सभी बीडीओ और ईओ को गौशालाओं में पर्दे लगाने के साथ हीटर और ब्लोअर की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए, ताकि गोवंश को सर्दी से बचाया जा सके।
मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार ने गौशालाओं में वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत अतिरिक्त रास्ते, चरही और भंडार गृह सहित अन्य आवश्यक निर्माण कार्यों को कार्ययोजना में शामिल करने के निर्देश जिला विकास अधिकारी को दिए।
जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि गौशालाओं से संबंधित सभी विभाग शासनादेशों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई पूरी करें और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाएं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार, नगर मजिस्ट्रेट दीपक कुमार पाल, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेंद्र गुप्ता, जिला विकास अधिकारी, डीसी मनरेगा, सभी नगर पालिका परिषदों के अधिशासी अधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप

