
मुजफ्फरनगर – चौधरी छोटूराम पीजी कॉलेज में मंगलवार, 24 नवंबर 2026 को किसानों के मसीहा एवं महान समाज सुधारक दीनबंधु सर चौधरी छोटूराम की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर के.पी. सिंह ने सर छोटूराम के जीवन, संघर्ष और उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए उन्हें किसानों के अधिकारों का सच्चा प्रहरी बताया।
प्राचार्य ने कहा कि सर छोटूराम का संपूर्ण जीवन किसानों, गरीबों और वंचितों के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने साहूकारों के शोषण से किसानों को मुक्ति दिलाने के लिए ऐतिहासिक प्रयास किए। उनके योगदान के कारण ही उन्हें दीनबंधु और रहबर-ए-आजम जैसी उपाधियों से सम्मानित किया गया।
उन्होंने बताया कि 24 नवंबर 1881 को हरियाणा के रोहतक जिले के गढ़ी सांपला गांव में जन्मे सर छोटूराम ने शिक्षा प्राप्त करने के बाद वकालत और राजनीति के माध्यम से किसानों की आवाज बुलंद की। वर्ष 1923 में उन्होंने नेशनल यूनियनिस्ट पार्टी की स्थापना कर हिंदू, मुस्लिम और सिख किसानों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया।
संयुक्त पंजाब में कृषि एवं राजस्व मंत्री रहते हुए उन्होंने किसानों को कर्ज के जाल और शोषण से बचाने के लिए कई महत्वपूर्ण कानून बनवाए। इनमें पंजाब रिलीफ ऑफ इंडेब्टेडनेस एक्ट 1934, पंजाब डेटर्स प्रोटेक्शन एक्ट 1936 और पंजाब एग्रीकल्चरल प्रोड्यूस मार्केट्स एक्ट 1939 प्रमुख रहे। इन कानूनों से किसानों को कर्ज, जमीन की कुर्की और मंडियों में होने वाली अवैध कटौतियों से राहत मिली।
प्राचार्य ने उनके सिंचाई और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान का उल्लेख करते हुए बताया कि भाखड़ा-नांगल बांध परियोजना की परिकल्पना और उसे आगे बढ़ाने में भी सर छोटूराम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने ग्रामीण एवं बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 1913 में जाट एजुकेशन सोसाइटी की स्थापना की तथा 1915 में जाट गजट का प्रकाशन शुरू कराया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं, प्रोफेसर्स एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने महाविद्यालय परिसर में स्थापित सर छोटूराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर प्रो. राकेश कुमार सिंह, प्रो. जी.आर. किशोर, प्रो. हरिओम शर्मा, डॉ. टेशू कुमार, डॉ. हरिशंकर, डॉ. प्रेम कुमार भारती, डॉ. आयुष बहुगुणा, डॉ. सुधीर कुमार, डॉ. अभिषेक सिंह, अनुभव रोहल, कृष्ण पाल, इंदरपाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सर छोटूराम के विचारों और आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज एवं किसान हित में कार्य करने का संदेश दिया गया।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप

