[aioseo_breadcrumbs]

### डिजिशक्ति योजना: टैबलेट-स्मार्टफोन वितरण की तैयारियों की समीक्षा, लंबित कार्य दो दिन में पूरे करने के निर्देश

Share This Article

मुजफ्फरनगर, 23 नवंबर 2026 – स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना (डिजिशक्ति योजना) के तहत विद्यार्थियों को टैबलेट एवं स्मार्टफोन वितरण की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने सक्रियता बढ़ा दी है। सोमवार को अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एवं योजना के नोडल अधिकारी गम्भीर सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें पात्र विद्यार्थियों का डाटा सत्यापन, लंबित अग्रसारण और वितरण संबंधी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।

 

जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह के दिशा-निर्देशों के क्रम में आयोजित बैठक में अधिकारियों ने सभी संबंधित महाविद्यालयों एवं संस्थानों को डिजिशक्ति पोर्टल पर आधार सत्यापित पात्र विद्यार्थियों का विवरण तत्काल अपडेट करने के निर्देश दिए।

 

लंबित कार्यों पर सख्ती, शत-प्रतिशत अग्रसारण के निर्देश

 

बैठक में संस्थानवार विद्यार्थियों के डाटा अग्रसारण की स्थिति की समीक्षा की गई। जिन महाविद्यालयों में विद्यार्थियों का डाटा अभी तक अग्रसारित नहीं हुआ है, उनसे देरी का कारण स्पष्ट करते हुए तत्काल शत-प्रतिशत कार्य पूरा करने को कहा गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि योजना का लाभ केवल वास्तविक एवं पात्र विद्यार्थियों को ही मिलना चाहिए।

 

जनपद स्तर पर लंबित डाटा लॉकिंग की प्रक्रिया भी जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए। संबंधित अधिकारियों एवं पटल सहायकों को सत्यापित डाटा का परीक्षण कर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने को कहा गया।

 

दो दिन में तैयार करनी होगी वितरण की कार्ययोजना

 

अधिकारियों ने सभी महाविद्यालयों एवं संस्थानों को आगामी दो दिनों के भीतर छात्र-छात्राओं की उपस्थिति और वितरण व्यवस्था की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। प्रत्येक संस्थान को एक नोडल अधिकारी नामित कर जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने को कहा गया।

 

वर्तमान में चल रही परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए वितरण कार्यक्रम में उन विद्यार्थियों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए, जिनकी संबंधित तिथि पर परीक्षा नहीं है। इसके अलावा संस्थानों को अपने कैंपस में ही पात्र विद्यार्थियों की शॉर्टलिस्टिंग, डिवाइस मैपिंग और अभिलेखों का सत्यापन पहले से पूरा करने को कहा गया, ताकि वितरण के दिन अव्यवस्था न हो।

 

शीर्ष 20 संस्थानों को विशेष निर्देश

 

बैठक में आधार सत्यापित विद्यार्थियों की संख्या के आधार पर जनपद के शीर्ष 20 संस्थानों को विशेष रूप से समयबद्ध तरीके से शत-प्रतिशत कार्यवाही पूरी करने के निर्देश दिए गए। अपर जिलाधिकारी ने लंबित सत्यापन एवं अग्रसारण कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर पूरा करने पर जोर दिया।

 

बैठक में ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर प्रिन्स जैन, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) चम्पालाल, मुजफ्फरनगर रोडवेज के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, अपर जिला विद्यालय निरीक्षक सुधीर कुमार सहित 47 से अधिक संस्थानों के प्राचार्य, प्रबंधक, नोडल अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

हिंदुस्तान लाइव टुडे

डिजिटल न्यूज़ चैनल

अमरदीप

Gold and Silver price

मौसम की जानकारी

Advertisement

Gold and Silver price

मौसम की जानकारी

Live Poll

[democracy id="1"]

Also Read This