
मुजफ्फरनगर, 23 नवंबर 2026 – भोपाल में आयोजित 48वीं राष्ट्रीय आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन कर पदक जीतने वाले मुजफ्फरनगर के तीन खिलाड़ियों को जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने सम्मानित किया। तीनों खिलाड़ियों का चयन आगामी एशिया पेसिफिक आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ है, जो 28 दिसंबर 2026 से 1 जनवरी 2027 तक काठमांडू (नेपाल) में आयोजित होगी।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कार्तिक रघुवंशी ने स्वर्ण पदक, जय बालियान ने रजत पदक और जानवी चौधरी ने कांस्य पदक जीतकर जनपद का नाम रोशन किया।
सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने तीनों खिलाड़ियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर, खेल किट प्रदान कर और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर पदक जीतने के लिए प्रेरित किया। साथ ही हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि खिलाड़ियों की यह उपलब्धि जनपद के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और जनपद का नाम रोशन करने की उम्मीद जताई।
इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट दीपक कुमार पाल, प्रभारी क्रीड़ाधिकारी भूपेन्द्र सिंह और आर्म रेसलिंग जिला सचिव जितेन्द्र सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप

