
मुजफ्फरनगर, 22 नवंबर 2026 – शुक्रतीर्थ में आयोजित कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले में दूर-दराज से भैंसा-बुग्गी और बैलगाड़ियों के माध्यम से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के पशुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए पशुपालन विभाग ने विशेष इंतजाम किए हैं। मेला परिसर में अस्थायी पशु चिकित्सालय स्थापित किया गया है, जहां बैल, भैंसा और अन्य पशुओं को त्वरित एवं निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. जितेंद्र गुप्ता ने अस्थायी पशु चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर दवाओं, प्राथमिक उपचार सामग्री और अन्य चिकित्सा संसाधनों की उपलब्धता परखी। उन्होंने चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले पशुपालकों को बेहतर चिकित्सा सहायता और आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराया जाए, ताकि यात्रा की थकान या बीमारी के कारण पशुओं को परेशानी न हो।
पशुपालन विभाग ने मेले के दौरान चौबीसों घंटे चिकित्सा सेवाएं जारी रखने के लिए विशेष ड्यूटी रोस्टर भी लागू किया है। इसके तहत पशु चिकित्सा अधिकारियों और सहायक कर्मचारियों की अलग-अलग पालियों में तैनाती की गई है। विभाग की इस व्यवस्था से पशुओं के साथ मेले में पहुंचने वाले किसानों और श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप

