
लखनऊ – उत्तर प्रदेश एसटीएफ को बड़ी कामयाबी मिली है। गुजरात में लूट और डकैती की वारदातों को अंजाम देने वाले दो वांछित बदमाशों को एसटीएफ ने आगरा के खंदौली से गिरफ्तार किया है। दोनों की गिरफ्तारी यमुना एक्सप्रेस-वे गोल चक्कर के पास से की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आस मोहम्मद उर्फ आशु और विजय के रूप में हुई है। दोनों मथुरा जिले के रहने वाले बताए गए हैं। आरोपियों ने गुजरात के राजकोट में बैंक में रुपये जमा कराने जा रहे एक व्यक्ति को निशाना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था।
बताया जा रहा है कि आरोपी आशु उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी लूट और डकैती की घटनाओं में शामिल रहा है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब गुजरात पुलिस उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर ले जाने की तैयारी कर रही है।

