
नए शामली रोड बिजलीघर से 15 हजार उपभोक्ताओं को मिलेगी बेहतर बिजली आपूर्ति, ओवरलोडिंग की समस्या में हुआ सुधार
मुजफ्फरनगर, 25 नवंबर – पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (IAS) ने बुधवार को मुजफ्फरनगर स्थित विद्युत वर्कशॉप, स्टोर और बिजलीघर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने वर्कशॉप परिसर में निर्माणाधीन नए भवन का भी निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान एमडी ने विभिन्न क्षमताओं के रिपेयर ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता देखी। उन्होंने आवश्यक क्षमता के पर्याप्त ट्रांसफार्मर उपलब्ध मिलने पर संतोष जताया। इसके बाद स्टोर में रखी विद्युत सामग्री का अभिलेखों से मिलान कराया। जांच में रिकॉर्ड के अनुसार सामग्री उपलब्ध मिली और रखरखाव की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।
उन्होंने बिजलीघर के कंट्रोल रूम, वीसीबी और अन्य विद्युत उपकरणों का निरीक्षण कर उनकी कार्यशील स्थिति की जानकारी ली। साथ ही बिजलीघर के यार्ड में लोड और ओवरलोडिंग की समस्या के समाधान की समीक्षा की।
अधिकारियों ने बताया कि मुजफ्फरनगर में नए शामली रोड बिजलीघर के निर्माण और लोड स्थानांतरित होने से संबंधित बिजलीघर पर ओवरलोडिंग की स्थिति में सुधार हुआ है। इससे करीब 15 हजार उपभोक्ताओं को बेहतर एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा। गर्मियों में बिजली संबंधी समस्याओं में कमी आने के साथ नए कनेक्शन जारी करने और स्वीकृत विद्युत भार बढ़वाने में भी सुविधा होगी।
प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने और उसे समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता एसके अग्रवाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप


