
मुजफ्फरनगर – जिला चिकित्सालय में मरीजों से इलाज, जांच या सरकारी सुविधाओं के नाम पर पैसे मांगने वालों के खिलाफ अब एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने शुक्रवार को पुलिस चौकी प्रभारी को साथ लेकर जिला अस्पताल का व्यापक निरीक्षण किया और इस संबंध में सख्त चेतावनी दी।
सीएमओ ने स्पष्ट किया कि जिला अस्पताल में मरीजों का उपचार और निर्धारित सरकारी सुविधाएं निशुल्क हैं। किसी भी मरीज या तीमारदार को इन सुविधाओं के लिए पैसे देने की आवश्यकता नहीं है। यदि कोई व्यक्ति सुविधा उपलब्ध कराने के नाम पर पैसे मांगता या लेन-देन करता पाया गया तो उसके खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने मरीजों और तीमारदारों से अपील की कि पैसे मांगने की स्थिति में तत्काल अस्पताल परिसर की पुलिस चौकी पर शिकायत करें या मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. भुजवीर सिंह को सूचना दें। पुलिस चौकी प्रभारी और अस्पताल प्रशासन को शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने विभिन्न वार्डों, ओपीडी, पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी), टेलीमेडिसिन सेवाओं और रैन बसेरे का जायजा लिया। उन्होंने सर्दी के मौसम को देखते हुए मरीजों और तीमारदारों के लिए रैन बसेरे में उपलब्ध व्यवस्थाएं भी परखीं।
सीएमओ ने अधिकारियों और कर्मचारियों को अस्पताल में साफ-सफाई बनाए रखने, मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने और सभी सरकारी सुविधाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीएमएस डॉ. भुजवीर सिंह मौजूद रहे।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप

