
मुजफ्फरनगर – थाना खालापार पुलिस ने वाहन चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की तीन मोटरसाइकिल बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपी आदिल और शायान शामली जिले के थानाभवन थाना क्षेत्र के गांव लुहारी के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रेमपुरी निवासी इरफान अली की मोटरसाइकिल चोरी होने के मामले में 12 अक्टूबर को थाना खालापार में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने 13 अक्टूबर को मेरठ रोड से गहराबाग वाले रास्ते पर जैन कन्या पीजी कॉलेज के पास से दोनों आरोपियों को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया।
मेरठ और शामली से चोरी की बाइक भी बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर गहराबाग स्थित पुराने रिकॉर्ड कार्यालय के पास से दो अन्य मोटरसाइकिल भी बरामद कीं। इनमें एक बाइक मेरठ के मवाना क्षेत्र से चोरी किए जाने के मामले से संबंधित है, जबकि दूसरी बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर प्लस है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने प्रेमपुरी स्थित नदी वाले इमामबाड़े के पास से बाइक चोरी करने की बात बताई। पुलिस के मुताबिक, अन्य दो मोटरसाइकिलों में एक मवाना और दूसरी शामली के कंडेला क्षेत्र से चोरी की गई थी।
पुलिस टीम को मिली सफलता
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के पर्यवेक्षण में एसपी सिटी अमृत जैन, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं सीओ सिटी सिद्धार्थ मिश्रा के निर्देशन तथा थाना खालापार प्रभारी विजय कुमार के नेतृत्व में की गई। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल अमरदीप



