
मुजफ्फरनगर – मिशन शक्ति अभियान-6.0 के अंतर्गत बुधवार को नगर क्षेत्र स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय/छात्रावास में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। एसपी क्राइम एवं मिशन शक्ति की नोडल अधिकारी इंदु सिद्धार्थ ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, सम्मान, आत्मनिर्भरता और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में छात्राओं को बताया गया कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, समस्या या आपात स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल पुलिस की सहायता लें। उन्हें महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों और शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पम्फलेट के माध्यम से दी गई।
साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताए
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को साइबर ठगी से बचने, अनजान कॉल और संदिग्ध लिंक से सतर्क रहने, अपनी निजी जानकारी साझा नहीं करने तथा सोशल मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल करने के बारे में जागरूक किया गया।
छात्राओं ने साइबर अपराध और मिशन शक्ति से संबंधित विषयों पर नाटक प्रस्तुत कर महिला सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता का संदेश दिया। इस अवसर पर छात्राओं को ज्योमेट्री बॉक्स वितरित किए गए और सूक्ष्म जलपान कराकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में थाना सिविल लाइन के प्रभारी निरीक्षक रघुराज सिंह सहित पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप



