प्रकाशानंद महाराज ने लगाया षड़यंत्र के तहत उत्पीड़न का आरोप
प्रकाशानंद महाराज ने लगाया षड़यंत्र के तहत उत्पीड़न का आरोप

मोरना (राहुल कुमार प्रजापति): तीर्थ नगरी शुकतीर्थ में महाशक्ति सिद्धपीठ की संचालिका योगिनी मां राजनंदेश्वरी की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। बुधवार को आश्रम के संरक्षक योगीराज प्रकाशानंद महाराज ने कहा कि कुछ लोगों के द्वारा उनके विरुद्ध षड़यंत्र कर मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन की हर जांच के लिए तैयार है। उन्होंने 11 जून को आश्रम में होने वाली षोड़सी में भी अपराधिक घटना को अंजाम देने अंदेशा जताया है।
आश्रम के योगीराज प्रकाशानंद महाराज ने बतायाकि योगिनी राजनंदेश्वरी के साथ मिलकर शुकतीर्थ में करीब 18 बीघा जमीन खरीद की थी। गांव की जमीन बेचकर करोड़ो की लागत से महाशक्ति सिद्ध पीठ आश्रम की स्थापना की। बीते पांच मार्च 1994 को चार वर्ष के बालक चन्द्रमा ब्रहमचारी को गोद लिया था जिसका गोदनामा उप निबन्धक कार्यालय तहसील जानसठ में बीते 27 जुलाई 2019 को पंजीकृत कराया था। बीते 27 मई को राजनन्देश्वरी का आकस्मिक निधन हो गया था। आश्रम की समस्त चल व अचल सम्पत्ति प्रार्थी व उनके दत्तक पुत्र चन्द्रमा ब्रहमचारी के नाम है। कुछ लोगों के द्वारा राजनंदेश्वरी के निधन के बाद अनर्गल आरोप लगाकर मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है तथा उन्हें आश्रम छोड़ देने की धमकियां दी जा रही हैं। उनके विरूद्ध साजिश कर प्रशासन को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। 11 जून को राजनंदेश्वरी की षोडसी में कुछ लोग बखेड़ा कर किसी अपराधिक घटना को अंजाम दे सकते है। बीते मंगलवार को एसपी देहात अतुल श्रीवास्तव व सीओ भोपा राम आशीष यादव के समक्ष अपनी बात रख चुके है तथा सभी कागजात भी दिखाए। वह सभी प्रकार की निष्पक्ष जांच के लिए तैयार हैं।