[aioseo_breadcrumbs]

सुरक्षित होली मनाने की अपील, रासायनिक रंगों से बचें — डॉ. सुनील तेवतिया,,,, — मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा देर रात्रि में जिला चिकित्सालय की इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया गया

Share This Article

*मुजफ्फरनगर, 2 मार्च 2026* जनपद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने होली पर्व के अवसर पर जनपद के समस्त नागरिकों से होली को सुरक्षित, संयमित एवं स्वास्थ्य-संवेदनशील तरीके से मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि होली आपसी भाईचारे, प्रेम और उल्लास का पर्व है, जिसे आनंद के साथ-साथ आवश्यक सावधानियों को अपनाते हुए मनाया जाना चाहिए।

 

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि बाजार में उपलब्ध कई रासायनिक (केमिकल) रंग त्वचा, आंखों, बालों तथा श्वसन तंत्र के लिए हानिकारक होते हैं। इन रंगों में मौजूद रसायन त्वचा पर एलर्जी, खुजली, जलन, चकत्ते, आंखों में लालिमा, जलन, संक्रमण तथा बालों के झड़ने जैसी समस्याएं उत्पन्न कर सकते हैं। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि केमिकल रंगों का प्रयोग न करें तथा केवल हर्बल अथवा प्राकृतिक रंगों का ही उपयोग करें।

 

डॉ. सुनील तेवतिया ने विशेष रूप से आंखों की सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि होली खेलते समय आंखों में रंग जाने से बचाव करें। यदि किसी कारणवश आंखों में रंग चला जाए तो आंखों को रगड़ें नहीं, बल्कि तुरंत साफ पानी से अच्छी तरह धो लें। समस्या बढ़ने या जलन बने रहने की स्थिति में नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में तत्काल संपर्क करें। बच्चों, बुजुर्गों तथा पहले से आंखों या त्वचा संबंधी बीमारी से ग्रसित व्यक्तियों पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है।

 

उन्होंने बताया कि त्वचा एवं बालों की सुरक्षा के लिए होली खेलने से पूर्व शरीर पर नारियल तेल, सरसों तेल अथवा मॉइश्चराइज़र का प्रयोग करें, जिससे रंग त्वचा में गहराई तक न समाए। होली के पश्चात हल्के गुनगुने पानी एवं सौम्य साबुन अथवा शैम्पू से स्नान करें। खुले घावों पर रंग लगाने से बचें, नाखून छोटे रखें तथा कानों में रंग न जाने दें। अस्थमा, एलर्जी, हृदय रोग अथवा अन्य पुरानी बीमारियों से ग्रसित व्यक्ति अतिरिक्त सावधानी बरतें।

 

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जानकारी दी कि स्वास्थ्य विभाग होली पर्व के दौरान पूर्णतः अलर्ट रहेगा। जनपद की एम्बुलेंस सेवाएं सक्रिय रहेंगी तथा सभी सरकारी अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। आवश्यक दवाइयों, चिकित्सकीय उपकरणों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं समुचित उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

 

इसी क्रम में उन्होंने यह भी बताया कि आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों का जायज़ा लेने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा कल देर रात्रि जिला चिकित्सालय के इमरजेंसी वार्ड का उच्च निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को सतर्क रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

 

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने जनपदवासियों से अपील की कि सावधानी, संयम और जिम्मेदारी के साथ होली का पर्व मनाएं, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना या स्वास्थ्य समस्या से बचा जा सके। प्रयास यही होना चाहिए कि अस्पताल जाने की स्थिति न बने और सभी नागरिक स्वस्थ, सुरक्षित एवं आनंदमय वातावरण में होली का पर्व मनाएं।

Gold and Silver price

मौसम की जानकारी

Advertisement

Gold and Silver price

मौसम की जानकारी

Live Poll

[democracy id="1"]

Also Read This