होली से पहले योगी सरकार का बड़ा ऐलान, त्योहार पर घर जाना अब होगा आसान
होली से पहले योगी सरकार का बड़ा ऐलान, त्योहार पर घर जाना अब होगा आसान

उत्तर प्रदेश सरकार ने होली पर्व के अवसर पर राजधानी लखनऊ से गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज के लिए अतिरिक्त बसें चलाने का फैसला किया है। गौरतलब है कि होली में उत्तर प्रदेश के कई लोग अपने घर जाते हैं या फिर दोस्तों, रिश्तेदारों और करीबियों से मिलने के लिए उनके घर जाते हैं, ऐसे में उत्तर प्रदेश के सभी जिले के बस अड्डों पर यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिलती है। भारी भीड़ के चलते यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, कई बार तो यात्रियों को बसों में सीट न मिलने पर खड़े होकर भी यात्रा करनी पड़ती है। इन्ही परेशानियों को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश परिवहन ने अतिरिक्त बसें चलाने का फैसला किया है।
जानिए बसों का समय
हालांकि, पहली बार ऐसा नहीं है जब उत्तर प्रदेश सरकार के द्वारा इस तरह का कदम उठाया जा रहा हो। इससे पहले भी त्योहारों के मौके पर उत्तर प्रदेश में अलग-अलग संसाधनों पर जोर दिया जाता है। जिससे की यात्री अपने गंतव्य तक आसानी से पहुंच सके। वहीं इस मामले को लेकर उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय प्रबंधक आरके त्रिपाठी ने बताया कि परिवहन निगम की सभी एसी बस सेवाओं के किराये में 10 फीसदी की छूट चल रही है। यात्री इस छूट का लाभ 31 मार्च तक ले सकेंगे। इस दौरान यात्री परिवहन निगम की वोल्वो, शताब्दी, स्लीपर, जनरथ बसों में सस्ते किराये में सफर कर सकते हैं। वहीं उत्तर प्रदेश के वाराणसी के लिए सुबह 8, दोपहर तीन और रात 10 बजे रवाना होगी। वहीं प्रयागराज के लिए शाम 6, 7, 8, और रात 10 बजे बस रवाना होगी। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के लिए सुबह 10:30 बजे वोल्वो आलमबाग से रवाना होगी।
वेबसाइट के जरिए भी कर सकते हैं बुकिंग
आपको बता दें कि होली हिंदू धर्म का एक प्रमुख त्योहार है। बसंत का महीना आते ही इसका इंतजार शुरू हो जाता है। फाल्गुन शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा की रात को होलिका दहन किया जाता है और अगले दिन होली मनाई जाती है। हिंदू धर्म के अनुसार होलिका दहन को बुराई पर अच्छाई की जीत माना जाता है। ऐसे में बड़ी संख्या में यात्री भी अपने गंतव्य स्थल पर जाएंगे। यही वजह है कि आलमबाग बस टर्मिनल से गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज के बीच रोजाना चलायी जाएंगी। इन बसों की समय सारिणी तय करते हुए सीटों की बुकिंग चालू कर दी गई है। यात्री परिवहन निगम की वेबसाइट पर जाकर एडवांस के लिए बुकिंग करवा सकते हैं।