Lucknow: सनातन धर्म विवाद पर बोले राजनाथ सिंह- यह शास्वत है, कोई ताकत इसे मिटा नहीं सकती
Lucknow: सनातन धर्म विवाद पर बोले राजनाथ सिंह- यह शास्वत है, कोई ताकत इसे मिटा नहीं सकती

सनातन धर्म को लेकर देश की राजनीति जबरदस्त तरीके से गर्म है। डीएमके नेता और तमिलनाडु के मंत्री उदयनिधि स्टालिन के बयान के बाद इस पर राजनीति तेज हो गई है। भाजपा विपक्षी गठबंधन इंडिया पर हमलावर है। इन सबके बीच आज केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अपने संसदीय क्षेत्र लखनऊ पहुंचे थे। लखनऊ में पत्रकारों ने उनसे पूरे मामले पर सवाल पूछा। इस दौरान रक्षा मंत्री ने कहा कि सनातन धर्म को लेकर हो रहा विवाद दुर्भाग्यपूर्ण है। सनातन धर्म वसुधैव कुटुंबकम का संदेश देने वाला धर्म है। उन्होंने कहा कि यह धर्म जाति, पंथ और मजहब से ऊपर उठकर संपूर्ण विश्व को अपना परिवार कहने वाला धर्म है। इसका न कोई आदि है न कोई अंत है। इस पर विवाद दुर्भाग्यपूर्ण है।
राजनाथ सिंह ने आगे कहा कि सनातन धर्म को मानने वाली महिलाएं चीटियां दिखने पर उन्हें आटा डालती हैं। इस पर विवाद नहीं होना चाहिएं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का उद्घाटन जल्द होगा। इससे पहेल रक्षा मंत्री ने सनातन धर्म पर द्रविड़ मुनेत्र कषगम के नेता उदयनिधि स्टालिन की टिप्पणी को लेकर विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ पर हमला बोलते हुए कहा था कि इसमें शामिल लोगों को सनातन धर्म के अपमान के लिये क्षमा मांगनी चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी और अशोक गहलोत जैसे कांग्रेस नेता इस मुद्दे पर ‘मौन’क्यों हैं।
तमिलनाडु के युवा कल्याण मंत्री उदयनिधि स्टालिन ने आरोप लगाया है कि सनातन धर्म समानता और सामाजिक न्याय के खिलाफ है और इसे खत्म किया जाना चाहिए। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि ने सनातन धर्म की तुलना कोरोना वायरस, मलेरिया और डेंगू बुखार से की और कहा कि ऐसी चीजों का विरोध नहीं किया जाना चाहिए, बल्कि इन्हें नष्ट किया जाना चाहिए। उन्होंने राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत चालक की सीट पर बैठे हैं, लेकिन ‘क्लच’ कोई अन्य व्यक्ति दबा रहा है तो गाड़ी का एक्सीलेटर कोई और दबा रहा है।