मुख्यमंत्री आदिवासी परब सम्मान निधि योजना की शुरुआत करेंगी Priyanka Gandhi
मुख्यमंत्री आदिवासी परब सम्मान निधि योजना की शुरुआत करेंगी Priyanka Gandhi

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा बृहस्पतिवार को एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचेंगी और बस्तर जिले के जगदलपुर शहर में मुख्यमंत्री आदिवासी परब सम्मान निधि योजना की शुरुआत करेंगी। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि जगदलपुर शहर के लालबाग मैदान में बृहस्पतिवार दोपहर 12 बजे भरोसे का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा जिसमें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मुख्य अतिथि होंगे तथा प्रियंका गांधी वाद्रा विशिष्ठ अतिथि होंगी। सम्मेलन में ‘आदिवासी परब सम्मान निधि योजना’ की शुरुआत की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत आदिवासी पर्व और त्यौहारों के गरिमामय आयोजन के लिए राज्य शासन द्वारा ग्राम पंचायतों को अनुदान दिया जाएगा। योजना के आरंभ के मौके पर मुख्यमंत्री बघेल बस्तर संभाग की 1,840 ग्राम पंचायतों को प्रथम किश्त के रूप में पांच-पांच हजार रुपए की राशि जारी करेंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री आदिवासी परब सम्मान निधि योजना के तहत अनुसूचित क्षेत्र के गांवों में जनजातियों के उत्सवों, त्यौहारों का मेला, मड़ई, जात्रा पर्व, सरना पूजा, देवगुड़ी, नवाखाई, छेरछेरा, अक्ती, हरेली आदि उत्सवों, त्यौहारों तथा संस्कृति को संरक्षित करने के उद्देश्य से प्रत्येक ग्राम पंचायत को प्रति वर्ष 10 हजार रुपए की अनुदान राशि दो किश्तों में जारी की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री बघेल ने 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर आदिवासी समाज की संस्कृति और पर्वों की परम्परा के संरक्षण के लिए मुख्यमंत्री आदिवासी परब सम्मान निधि योजना की घोषणा की थी। वित्तीय वर्ष 2023-24 के बजट में इस योजना के लिए पांच करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। यह योजना छत्तीसगढ़ के सभी अनुसूचित क्षेत्र (अनुसूचित जनजाति विकासखण्ड) में लागू होगी। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी की इस वर्ष कांग्रेस शासित राज्य की यह दूसरी यात्रा है। गांधी इससे पहले फरवरी माह में कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में छत्तीसगढ़ पहुंची थीं। राज्य में इस वर्ष के अंत में विधानसभा के चुनाव होने हैं। इसे देखते हुए गांधी की इस यात्रा को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बस्तर क्षेत्र में विधानसभा की 12 सीटें हैं तथा सभी कांग्रेस के पास है।