Madhya Pradesh: जबलपुर में महिला को गोली मारकर किया घायल, आरोपी गिरफ्तार
Madhya Pradesh: जबलपुर में महिला को गोली मारकर किया घायल, आरोपी गिरफ्तार

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में 26 वर्षीय एक महिला को गोली मारकर जख्मी करने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है और उसे सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। प्रदेश कांग्रेस के एक नेता ने दावा किया कि आरोपी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का पदाधिकारी है, लेकिन भाजपा ने इससे इनकार किया। संजीवनी नगर थाना प्रभारी क्रांति बर्वे ने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब देविका ठाकुर नाम की यह महिला शुक्रवार को आरोपी प्रियांश विश्वकर्मा (27) से मिलने उसके कार्यालय गई थी। उन्होंने कहा कि महिला का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
बर्वे ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं, नगर पुलिस अधीक्षक संजय अग्रवाल ने बताया कि आरोपी प्रियांश को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके पास से वारदात में उपयोग किये गये पिस्तौल को भी बरामद कर लिया गया है। इस बीच, प्रदेश के कांग्रेस महासचिव सौरभ शर्मा ने दावा किया कि आरोपी ने अपने फेसबुक प्रोफाइल में खुद को भाजपा नेता बताया है। वहीं, भाजपा शहर इकाई अध्यक्ष प्रभात साहू ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि आरोपी न तो भाजपा का पदाधिकारी है और न ही सदस्य है।