भारत के सामर्थ्य की ताकत दुनिया समझ रही’, योगी बोले- पिछले 9 सालों में वो चमत्कार हुए जो 70 सालों में नहीं हो पाया
भारत के सामर्थ्य की ताकत दुनिया समझ रही', योगी बोले- पिछले 9 सालों में वो चमत्कार हुए जो 70 सालों में नहीं हो पाया

उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव को लेकर प्रचार जारी है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ लगातार प्रचार कर रहे हैं। इन सब के बीच योगी आदित्यानाथ ने आगरा में जनसभा को संबोधित करते हुए बड़ा बयान दिया है। योगी ने कहा कि भारत के सामर्थ्य की ताकत आज दुनिया समझ रही है। पिछले 9 सालों में वो चमत्कार हुए जो 70 सालों में नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि 9 सालों में भारत ने वो यात्रा तय कर ली जिसके लिए पिछले 65-70 सालों से हम चिल्ला रहे थे, जिसके लिए देश के स्वतंत्रता सेनानियों ने बलिदान दिया था।
योगी ने यह भी कहा कि आज भारत में तुष्टिकरण नहीं होता है, आज नए भारत में अपने नागरिकों की सशक्तिकरण पर ध्यान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति खत्म हुई तो सशक्तिकरण की राजनीति शुरू हुई। इसी का परिणाम है कि करोड़ो लोगों को मकान मिल गए, करोड़ो लोगों को शौचालय मिल गए, 80 करोड़ लोगों को फ्री में राशन मिल रहा है। योगी आदित्यनाथ ने मथुरा में भी चुनाव प्रचार किया। योगी ने कहा कि कृष्ण नगरी का जवाहरबाग कभी गुंडागर्दी का अड्डा हुआ करता था और कोसी कलां में दंगे होते थे, मगर भाजपा की सरकार बनने के बाद से दोनों की तस्वीर बदल गयी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी तरह, पहले कोसी कलां में दंगा होता था लेकिन अब वहां दुनिया का सबसे बड़ा पेप्सिको प्लांट लग चुका है। भाजपा सरकार ने दोनों की सूरत बदल दी है। उन्होंने कहा, पहले जिस मथुरा-वृंदावन में कभी मांस-मदिरा की बिक्री होती थी, हमने उस पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। यहां की पवित्रता के साथ खिलवाड़ करने की अनुमति किसी को भी नहीं दी जा सकती। आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि आजादी के बाद से विभिन्न सरकारों के कार्यकाल में लचर और भ्रष्टाचार युक्त व्यवस्था ने मथुरा के विकास को रोक के रखा था।