
मुजफ्फरनगर – जनपद में बिना वैध पंजीकरण के संचालित हो रहे क्लीनिक, नर्सिंग होम, डेंटल सेंटर और पैथोलॉजी लैब के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने विशेष सघन जांच अभियान चलाया। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के निर्देश पर सोमवार को खतौली क्षेत्र में की गई कार्रवाई से अपंजीकृत चिकित्सा केंद्रों के संचालकों में खलबली मच गई।
प्राप्त शिकायतों के आधार पर खतौली क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विभिन्न चिकित्सा प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान वैध पंजीकरण और शैक्षिक योग्यता से संबंधित अभिलेख मांगे गए। संतोषजनक जवाब और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने पर ब्लॉक प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवनीश कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने खतौली नगरीय क्षेत्र के इस्लामनगर और सद्दीक नगर में संचालित क्लीनिकों के खिलाफ नियमानुसार नोटिस जारी करते हुए सीलिंग की कार्रवाई की।
कार्रवाई की जद में अहमद क्लीनिक और प्राइमरी हेल्थ केयर सेंटर क्लीनिक शामिल रहे।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध पंजीकरण और निर्धारित मानकों के चिकित्सा सेवाएं संचालित करने वालों के खिलाफ जांच एवं कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने आमजन से भी अपंजीकृत चिकित्सा केंद्रों के संबंध में शिकायत दर्ज कराने की अपील की है। इसके लिए जन शिकायत ऐप डाउनलोड कर शिकायत की जा सकती है।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप

