मुजफ्फरनगर, 3 नवंबर 2026। जनपद के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थल शुक्रताल में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। थाना भोपा क्षेत्र के शुक्रताल में आधुनिक सुविधाओं से युक्त पुलिस कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने विधिवत इसका उद्घाटन किया।
नवनिर्मित कंट्रोल रूम में सीसीटीवी कैमरों के जरिए क्षेत्र की लगातार निगरानी की जाएगी। इसके साथ ही वायरलेस संचार व्यवस्था और 24 घंटे पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
कंट्रोल रूम में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए फर्स्ट एड किट, इमरजेंसी लाइट और अग्निशमन उपकरण सहित आवश्यक जीवनरक्षक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। इससे दुर्घटना या किसी अन्य आपात स्थिति में श्रद्धालुओं और आमजन को तत्काल प्राथमिक सहायता मिल सकेगी।
उद्घाटन के दौरान अधिकारियों ने कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और पुलिसकर्मियों को सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सीसीटीवी निगरानी, संचार व्यवस्था और सभी सुरक्षा उपकरण हमेशा क्रियाशील रखे जाएं, ताकि किसी भी आपात सूचना पर त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
इस अवसर पर एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, क्षेत्राधिकारी भोपा राधारमण सिंह, थाना प्रभारी भोपा आशुतोष कुमार सहित पुलिस अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप

