
मुजफ्फरनगर – आगामी धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैयादूज के त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए ककरौली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। सोमवार को थाना ककरौली में थानाध्यक्ष दीपक चौधरी ने स्थानीय व्यापारियों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों के साथ गोष्ठी आयोजित कर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और अपराध नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और यातायात सुचारू बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही बाजारों में वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग, जरूरत के अनुसार नो-एंट्री और रूट डायवर्जन लागू करने को लेकर भी चर्चा की गई।
सर्दियों में चोरी की घटनाओं पर रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता
शीत ऋतु में चोरी की घटनाओं की आशंका को देखते हुए पुलिस ने व्यापारियों से दुकानों और प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे चालू रखने तथा पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने की अपील की। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के निर्देश भी दिए गए।
थानाध्यक्ष दीपक चौधरी ने व्यापारियों से त्योहारों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने, अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। बैठक में व्यापारियों और गणमान्य व्यक्तियों ने अपने सुझाव रखे तथा पुलिस प्रशासन को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
गोष्ठी में थानाध्यक्ष दीपक चौधरी सहित स्थानीय व्यापारी एवं क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप

