
मुजफ्फरनगर – जन शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में मुजफ्फरनगर पुलिस ने एक बार फिर प्रदेश में अपना दबदबा कायम किया है। जनसुनवाई पोर्टल (IGRS) पर शिकायतों के समयबद्ध एवं संतुष्टिपूर्ण निस्तारण में मुजफ्फरनगर पुलिस ने लगातार आठवें महीने उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है।
एसएसपी सूरज कुमार राय के निर्देशन में पुलिस ने यह उपलब्धि अक्टूबर 2026 में भी बरकरार रखी। खास बात यह है कि वर्ष 2026 में लगातार आठ माह से मुजफ्फरनगर पुलिस ने प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है और इस दौरान एक भी प्रार्थना पत्र डिफॉल्टर नहीं हुआ।
एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी IGRS ओमप्रकाश सिंह के नेतृत्व में जिला स्तर पर शिकायतों के निस्तारण की प्रभावी मॉनिटरिंग की जा रही है। IGRS शाखा, थानों में तैनात कर्मचारियों और जांच अधिकारियों के समन्वित प्रयासों से शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
19 थानों ने भी हासिल किया प्रदेश में पहला स्थान
मुजफ्फरनगर पुलिस की इस उपलब्धि में एक और खास बात यह रही कि जनपद के 19 थानों ने भी अक्टूबर माह में IGRS शिकायतों के निस्तारण में प्रदेश भर में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इस उपलब्धि पर एसएसपी सूरज कुमार राय ने IGRS शाखा, सभी थानों के IGRS कर्मचारियों और जांच अधिकारियों की सराहना करते हुए बधाई दी। उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ जनशिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए।
लगातार आठ महीने प्रदेश में नंबर-1 रहना मुजफ्फरनगर पुलिस की कार्यप्रणाली और जनशिकायतों के प्रति उसकी जवाबदेही को दर्शाता है।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप

