
मुजफ्फरनगर – दीपावली के शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत उत्तर प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र परिवारों को रसोई गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लखनऊ स्थित लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण मुजफ्फरनगर के जिला पंचायत सभागार में किया गया। यहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना और देखा।
इस अवसर पर बुढ़ाना विधायक राजपाल सिंह बालियान, जिला पंचायत प्रशासक डॉ. वीरपाल निर्वाल, नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गंभीर सिंह और जिला पूर्ति अधिकारी ओम हरि उपाध्याय सहित अन्य अधिकारियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान विधायक राजपाल सिंह बालियान ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह योजना महिलाओं को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने और उनके स्वास्थ्य की रक्षा करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। योजना का शुभारंभ 1 मई 2016 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के बलिया से किया था। इसका उद्देश्य गरीब परिवारों की महिलाओं को एलपीजी कनेक्शन उपलब्ध कराकर धुएं से मुक्ति दिलाना और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।
उन्होंने बताया कि जनपद मुजफ्फरनगर में तीनों तेल कंपनियों आईओसी, एचपीसी और बीपीसी के कुल 2,56,386 प्रधानमंत्री उज्ज्वला गैस कनेक्शन संचालित हैं। योजना के अंतर्गत प्रत्येक रिफिल पर कुल 957 रुपये की सब्सिडी अनुमन्य है, जिसमें केंद्र सरकार की ओर से 304.60 रुपये और राज्य सरकार की ओर से 652.40 रुपये की सब्सिडी दी जाती है।
कार्यक्रम में विधायक राजपाल सिंह बालियान, डॉ. वीरपाल निर्वाल, मीनाक्षी स्वरूप, मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार और अपर जिलाधिकारी गंभीर सिंह ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की 10 लाभार्थियों को धनराशि के प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए। इस दौरान सभी लाभार्थियों को दीपावली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं भी दी गईं।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप

