

मुजफ्फरनगर में आबकारी विभाग का विशेष प्रवर्तन अभियान, शराब की दुकानों से लेकर टोल प्लाजा तक सघन चेकिंग
POS मशीन से बिक्री, स्टॉक और QR कोड की जांच; गोपनीय टेस्ट परचेज से परखी गई निर्धारित मूल्य पर शराब की बिक्री
मुजफ्फरनगर – दीपावली पर्व के मद्देनजर अवैध शराब की बिक्री और ओवररेटिंग पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में 3 नवंबर 2026 को आबकारी निरीक्षकों ने जनपद की विभिन्न मदिरा दुकानों का सघन निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान EICFS ऐप के माध्यम से दुकानों की जांच की गई। POS मशीन से मदिरा की शत-प्रतिशत बिक्री सुनिश्चित करने के साथ दुकानों में उपलब्ध स्टॉक का स्टॉक रजिस्टर से भौतिक सत्यापन किया गया। निर्धारित मूल्य से अधिक पर शराब की बिक्री की जांच के लिए गोपनीय टेस्ट परचेज भी कराए गए।
इसके अलावा दुकानदारों को CCTV कैमरे लगातार चालू रखने के निर्देश दिए गए। स्टॉक में रखी बोतलों से रैंडम आधार पर नमूने लेकर उनके QR कोड विभागीय ऐप के माध्यम से जांचे गए।
रात में टोल प्लाजा और चौराहों पर वाहनों की चेकिंग
अभियान के तहत रात्रिकाल में जिला आबकारी अधिकारी की मौजूदगी में आबकारी निरीक्षकों ने मुझेडा टोल प्लाजा और बायवाला चौराहे पर वाहनों की सघन चेकिंग की। साथ ही अवैध मदिरापान की आशंका के मद्देनजर रेस्टोरेंटों की भी जांच की गई।
आबकारी विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य अवैध शराब की तस्करी, ओवररेटिंग और अनियमितताओं पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा त्योहार के दौरान शराब की बिक्री पर निगरानी मजबूत करना है।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप

