
सड़क सुरक्षा के लिए SSP की पहल, घायलों की मदद करने वालों को मिलेंगे ₹25 हजार
हेलमेट-सीट बेल्ट से लेकर ओवरस्पीडिंग तक पर चलेगा विशेष अभियान, नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
मुजफ्फरनगर, 3 नवंबर 2026 – सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों की जान बचाने के उद्देश्य से मुजफ्फरनगर पुलिस ने यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ किया। रिजर्व पुलिस लाइन में एसएसपी सूरज कुमार राय ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया और यातायात जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स, पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों और आम नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में विजुअल्स के माध्यम से सड़क सुरक्षा और सुरक्षित वाहन संचालन के बारे में भी जानकारी दी गई।
### नियम तोड़ने वालों पर चलेगा विशेष अभियान
एसएसपी सूरज कुमार राय ने स्पष्ट किया कि यातायात माह के दौरान पुलिस जागरूकता के साथ सख्ती भी बरतेगी। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग, गलत दिशा में वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाने और नशे में ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
जनपद के स्कूल-कॉलेजों, प्रमुख चौराहों, बाजारों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन सहित सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। विद्यार्थियों के लिए निबंध, चित्रकला और स्लोगन प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी। दुर्घटना संभावित स्थलों और ब्लैक स्पॉट पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
### घायलों की मदद करने वालों को ₹25 हजार का प्रोत्साहन
यातायात माह के दौरान सड़क दुर्घटना पीड़ितों की सहायता से जुड़ी केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। पीएम राहत योजना के तहत पात्र दुर्घटना पीड़ितों को निर्धारित शर्तों पर अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार सात दिनों तक उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। वहीं राह-वीर योजना के तहत गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की मदद कर अस्पताल पहुंचाने वाले पात्र नेक मददगार को प्रति घटना 25 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि दिए जाने का प्रावधान है।
एसएसपी ने लोगों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल न करें और नशे की हालत में ड्राइविंग से बचें। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों का जीवन सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है।
कार्यक्रम में एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, एसपी यातायात अतुल कुमार चौबे, एसपी अपराध इंदु सिद्धार्थ, एएसपी नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा, सीओ नई मंडी राजू कुमार साव, सीओ सदर सुनील कुमार, सीओ खतौली रूपाली राव, प्रतिसार निरीक्षक ऊदल सिंह, यातायात प्रभारी राकेश सिंह सहित पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी और एनसीसी कैडेट्स मौजूद रहे।
मुजफ्फरनगर पुलिस का संदेश — सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा। आपकी थोड़ी सी सावधानी किसी का जीवन बचा सकती है।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप

