राष्ट्रीय

Ujjain Minor Rape Case | उज्जैन में 12 साल की बच्ची से रेप करने वाले आरोपी का ढहाया जाएगा घर? 700 सीसीटीवी कैमरों की हुई जांच

Ujjain Minor Rape Case | उज्जैन में 12 साल की बच्ची से रेप करने वाले आरोपी का ढहाया जाएगा घर? 700 सीसीटीवी कैमरों की हुई जांच

मध्य प्रदेश के उज्जैन में 12 साल की लड़की के साथ कथित तौर पर बलात्कार और क्रूरता करने के मामले में हिरासत में लिए गए एक ऑटो रिक्शा चालक को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पीड़िता तीन दिन पहले, सोमवार को शहर की सड़कों पर घायल हालत में घूमती पाई गई थी। राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) के एक सदस्य ने कहा कि इंदौर के एक अस्पताल में भर्ती लड़की की हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। महाकाल थाने के प्रभारी अजय वर्मा ने बताया कि जांच के दौरान हिरासत में लिए गए आरोपी भरत सोनी को जब पुलिस फटे कपड़े जैसे सबूत इकट्ठा करने के लिए घटनास्थल पर ले गई तो उसने भागने की कोशिश की। पुलिस ने पहले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसे हिरासत में लिया था और दावा किया था कि उसके ऑटो रिक्शा की यात्री सीट पर खून के धब्बे मिले हैं। लड़की सोमवार को महाकाल थाने की सीमा में एक सड़क पर खून से लथपथ मिली थी। मेडिकल जांच में पता चला कि उसके साथ बलात्कार हुआ है।

इंडिया टुडे टीवी पर छपी खबर के अनुसार मध्य प्रदेश के उज्जैन में स्थानीय प्रशासन 12 वर्षीय लड़की से बलात्कार के मामले में गिरफ्तार एक ऑटो चालक के ‘अवैध’ घर को ध्वस्त करने की योजना बना रहा है। उज्जैन में सरकारी जमीन पर अवैध इमारत के रूप में पहचाने गए ऑटो चालक भरत सोनी के आवास को बुधवार को ध्वस्त किया जा सकता है। करीब 12 साल की एक लड़की को घायल हालत में उज्जैन की सड़कों पर घूमते हुए पाए जाने के तीन दिन बाद भरत सोनी को गिरफ्तार किया गया था। अर्धनग्न और खून से लथपथ लड़की मदद की गुहार लगाते हुए 8 किमी से अधिक तक चली।

आरोपी के पिता राजू सोनी ने ऐसे जघन्य कृत्यों के दोषियों के लिए कड़ी सजा की मांग की। राजू सोनी ने कहा, “अगर पीड़िता की जगह मेरा बच्चा होता तो भी मैं यही कहता. जो लोग ऐसा अपराध करते हैं, वे जीने के लायक नहीं हैं. चाहे वह मेरा बच्चा हो या किसी और का, जो भी ऐसा अपराध करता है। फाँसी दी जाए या गोली मार दी जाए।” गिरफ्तार किए जाने और अपराध स्थल पर ले जाने के बाद भरत सोनी ने अधिकारियों से बचने की कोशिश की थी। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि अधिकारियों से बचने की कोशिश के दौरान भरत सोनी के हाथ और पैर में चोटें आईं।

कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के शासनकाल में प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति काफी खराब हो गई है। श्रीनेता ने दावा किया, ‘‘अठारह साल से राज्य में भाजपा की सरकार रहने के दौरान बलात्कार के करीब 58 हजार और अपहरण के 68 हजार मामले सामने आए। मध्य प्रदेश में दलित, आदिवासी और महिला होना पाप हो गया है। नाबालिगों के साथ दुष्कर्म में मध्य प्रदेश नंबर एक है। ’’ उन्होंने आरोप लगाया कि इस स्थिति के बावजूद देश के प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री शाह और भाजपा के तमाम नेता बस चुप्पी साधे बैठे हैं। कांग्रेस प्रवक्ता ने इस घटना पर महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी, राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) और राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) की चुप्पी पर भी सवाल उठाया। कांग्रेस के मध्य प्रदेश मामलों के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने दावा किया कि दुष्कर्म के दौरान दलित समुदाय की इस लड़की से दिल्ली के निर्भया कांड से भी ज्यादा दरिंदगी की गई।

IMG-20250402-WA0032

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!