BJP-RSS ने सांप्रदायिकता का जहर फैलाया, INDIA की बैठक में बोले खड़गे- हमारी ताकत से सरकार भयभीत
BJP-RSS ने सांप्रदायिकता का जहर फैलाया, INDIA की बैठक में बोले खड़गे- हमारी ताकत से सरकार भयभीत


आने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा को टक्कर देने के लिए विपक्षी गठबंधन इंडिया की बैठक मुबंई में चल रही है। इसमें 28 दलों ने हिस्सा लिया है। गठबंधन की यह तीसरी बैठक है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने विपक्ष की बैठक में कहा कि भाजपा एजेंसियों पर पूर्ण नियंत्रण चाहती है। उन्होंने कहा कि ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) का आधार बढ़ रहा है, ऐसे में भाजपा सरकार हमारे नेताओं के खिलाफ एजेंसियों का ‘दुरूपयोग’’ करेगी। उन्होंने कहा कि हमारी ताकत सरकार को ‘भयभीत’ कर रही है और इसी कारण मनमाने तरीके से अहम विधेयक लेकर आयी, हमारे सांसदों को निलंबित किया। खरगे ने कहा कि भाजपा, आरएसएस ने नौ वर्षों में जो ‘सांप्रदायिकता का जहर’ फैलाया है वह अब ट्रेन में यात्रियों, स्कूल के बच्चों के खिलाफ नफरत भरे अपराधों के तौर पर दिखाई दे रहा है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इस सरकार की ‘प्रतिशोध की राजनीति’ के कारण हमें आने वाले माह में और हमलों, और छापों, गिरफ्तारियों के लिए तैयार रहना चाहिए। इससे पहले विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (इंडिया) ने चंद्रयान-3 मिशन की सफलता के लिए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की सराहना करते हुए शुक्रवार को एक प्रस्ताव पारित किया और कहा कि इस अंतरिक्ष एजेंसी को बनाने, विस्तार देने और इसके क्षमता निर्माण में छह दशक का समय लगा है। उसने उम्मीद जताई कि इसरो की असाधारण उपलब्धियां समाज में वैज्ञानिक चेतना को मजबूत करेंगी और युवाओं को विज्ञान में उत्कृष्टता प्राप्त करने को प्रेरित करेंगी।
लॉन्च नहीं होगा गठबंधन का लोगो
विपक्षी गुट इंडिया की बैठक के दूसरे दिन गठबंधन द्वारा कई प्रमुख मामलों पर निर्णय लेने की उम्मीद है, जिसमें एक समन्वय समिति का गठन और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) 2024 से लोकसभा चुनाव में मुकाबला करने के लिए एक साझा एजेंडा शामिल है। हालाँकि, लोगो का अनावरण आज नहीं किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक नए सुझावों को लागू करने के लिए लोगो की रिलीज टाल दी गई है। गठबंधन की तीसरी बैठक का उद्देश्य अभियान की रणनीति तैयार करना और विपक्षी गुट की औपचारिक संरचना को अंतिम रूप देना है। विपक्षी नेताओं के शुक्रवार को एक संयुक्त बयान जारी करने की संभावना है।
