मुजफ्फरनगर – आगामी महेश नवमी एवं गंगा दशहरा पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर ने बुधवार को थाना भोपा क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध शुक्रताल गंगा घाट का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, गोताखोरों एवं जल पुलिस की तैनाती सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं तथा पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
इसके अलावा 28 जून 2026 को समनदास आश्रम, शुक्रताल में पूज्य गुरु ज्ञान भिक्षुक दास जी की 66वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के संबंध में आश्रम संचालकों एवं आयोजकों के साथ बैठक कर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी कमल किशोर कंडारकर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, उपजिलाधिकारी जानसठ रश्मि लाम्बा सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
हिंदुस्तान लाइव टुडे डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप








