मुजफ्फरनगर – शहर की कुकड़ा मंडी स्थित मीनाक्षी ट्रेडिंग कंपनी के मालिक शुभम मित्तल निवासी पटेल नगर, नई मंडी ने कुकड़ा मंडी के एक व्यापारी सहित कुछ लोगों पर ब्लैकमेलिंग, अवैध वसूली की मांग करने और धमकी दिलवाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस संबंध में उन्होंने नई मंडी थाने में तहरीर देकर पुलिस प्रशासन से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
शुभम मित्तल ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया है कि कुकड़ा मंडी में चतरसेन अनिल कुमार नाम से फर्म संचालित करने वाले व्यापारी अंकित गर्ग उन्हें परेशान कर रहे हैं और उनसे अवैध वसूली की मांग की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि इस मामले से जुड़े तथ्यों के साक्ष्य उनके पास मौजूद हैं।
तहरीर में शुभम मित्तल ने यह भी आरोप लगाया है कि अंकित गर्ग गुड़ खांडसारी एसोसिएशन में मंत्री पद पर हैं और अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारियों से भी फोन कराकर उन्हें धमकियां दिलवा रहे हैं। उन्होंने अंकित गर्ग पर सरकारी राजस्व की चोरी करने का आरोप भी लगाया है।
शुभम मित्तल ने इस कथित घटनाक्रम में शिवम सिंघल, हितेश उर्फ तपन तथा कुछ अन्य लोगों के शामिल होने का आरोप लगाते हुए कहा कि इन परिस्थितियों के कारण वह मानसिक तनाव में हैं और उन्हें अपनी जान-माल के नुकसान का डर सता रहा है।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपों की सत्यता के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और समय रहते सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। फिलहाल, मामले में पुलिस की ओर से जांच या कार्रवाई के संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने आने की प्रतीक्षा है।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप



