मुजफ्फरनगर – जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना की तैयारियों को लेकर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों को जनगणना के व्यापक प्रचार-प्रसार, स्व-गणना के प्रति जागरूकता बढ़ाने, शिकायतों के त्वरित निस्तारण और प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण की व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार आयोजित बैठक में सभी उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों, अधिशासी अधिकारियों और चार्ज अधिकारियों ने भाग लिया।
### जनगणना के प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर
एडीएम गंभीर सिंह ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने कार्यालयों और अधीनस्थ कार्यालयों में जनगणना से संबंधित पोस्टर, फ्लेक्स और अन्य प्रचार सामग्री लगवाना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही शासकीय वाहनों और कूड़ा संग्रहण वाहनों के माध्यम से जनगणना संबंधी जिंगल्स का प्रसारण कराया जाए, ताकि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन को जागरूक किया जा सके।
### प्रमुख व्यक्तियों से कराई जाएगी स्व-गणना
स्व-गणना के प्रचार-प्रसार की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के प्रमुख एवं महत्वपूर्ण व्यक्तियों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए। इन व्यक्तियों से स्व-गणना कराने के साथ उनके वीडियो संदेशों के माध्यम से आमजन को भी जनगणना के प्रति जागरूक किया जाएगा।
### हर चार्ज कार्यालय में बनेगी शिकायत पंजिका
जनगणना से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए प्रत्येक चार्ज कार्यालय और जिला जनगणना सेल में शिकायत पंजिका तैयार की जाएगी। इसके अलावा सभी चार्ज अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में कंट्रोल रूम स्थापित कर उसका मोबाइल नंबर या टोल-फ्री नंबर आमजन के लिए जारी करने के निर्देश दिए गए। कंट्रोल रूम पर मिलने वाली प्रत्येक शिकायत दर्ज कर उसका समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
### प्रशिक्षण स्थलों पर सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण की तैयारियों की समीक्षा करते हुए एडीएम ने उपयुक्त प्रशिक्षण स्थलों का चयन समय से करने को कहा। प्रशिक्षण केंद्रों पर स्मार्ट क्लास, माइक और अन्य जरूरी सुविधाओं के साथ प्रशिक्षणार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण भोजन एवं जलपान की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
### राष्ट्रीय महत्व का कार्य है जनगणना
एडीएम गंभीर सिंह ने कहा कि जनगणना-2027 एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इससे प्राप्त आंकड़े भविष्य की योजनाओं और विकास संबंधी नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

बैठक में सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, अधिशासी अधिकारी तथा जनगणना निदेशालय के जनगणना प्रभारी गौरव गुंजन सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप


