मुजफ्फरनगर – जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने सोमवार को थाना नई मंडी क्षेत्र में पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने प्रमुख मार्गों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
फ्लैग मार्च में एसपी सिटी अमृत जैन, क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू कुमार साव, थाना प्रभारी नई मंडी आनंद देव मिश्र सहित पुलिस बल शामिल रहा। पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र में भ्रमण कर लोगों को शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया।
**महिला सुरक्षा पर विशेष जोर**
फ्लैग मार्च के दौरान मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया। पुलिस ने महिलाओं को सुरक्षा संबंधी उपायों, पुलिस सहायता प्राप्त करने के तरीकों और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल सूचना देने के प्रति जागरूक किया। साथ ही आश्वस्त किया कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस तत्पर है।

**पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने के निर्देश**
एसएसपी सूरज कुमार राय ने संबंधित अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को क्षेत्र में नियमित गश्त करने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसी भी सूचना पर तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप


