Himachal Pradesh Rain | हिमाचल में राज्य आपदा घोषित, भारी बारिश से 77 लोगों की मौत, राजस्थान और छत्तीसगढ़ करेंगे आर्थिक सहायता
Himachal Pradesh Rain | हिमाचल में राज्य आपदा घोषित, भारी बारिश से 77 लोगों की मौत, राजस्थान और छत्तीसगढ़ करेंगे आर्थिक सहायता

Himachal Pradesh Rain | हिमाचल में राज्य आपदा घोषित, भारी बारिश से 77 लोगों की मौत, राजस्थान और छत्तीसगढ़ करेंगे आर्थिक सहायता
हिमाचल प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को भारी बारिश से हुए भारी नुकसान को राज्य आपदा घोषित किया। ऐसा तब हुआ है जब बारिश से प्रभावित राज्य में शुक्रवार के अंत तक 77 लोगों की मौत की सूचना मिली है, साथ ही समर हिल क्षेत्र में एक शिव मंदिर के मलबे में एक और शव मिला है। शिमला के एसपी संजीव कुमार गांधी ने बताया कि मंदिर के मलबे में अभी भी लगभग चार लोगों के दबे होने की आशंका है। राज्य में जारी एक सरकारी अधिसूचना के अनुसार, भारी बारिश के कारण मानव जीवन और संपत्ति को हुए नुकसान को देखते हुए पूरे पहाड़ी राज्य को “प्राकृतिक आपदा प्रभावित क्षेत्र” घोषित किया गया है। रविवार से पहाड़ी राज्य में भारी बारिश हो रही है, जिससे शिमला सहित कई जिलों में भूस्खलन हुआ है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि बचाव अभियान पूरे जोरों पर चल रहा है और राज्य सरकार अपने संसाधनों से प्रभावित परिवारों, विशेषकर उन लोगों की मदद करने के प्रयास कर रही है जिनके घर अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन में क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
हिमाचल में मानसून का प्रकोप
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, 24 जून को पहाड़ी राज्य में मानसून की शुरुआत के बाद से, हिमाचल प्रदेश में बारिश से संबंधित घटनाओं में 220 लोगों की मौत हो गई है और 11,637 घर आंशिक या पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि राज्य में 600 से अधिक सड़कें अभी भी बंद हैं, जिनमें से 550 को अगले तीन दिनों में खोल दिया जाएगा। लगभग 408 ट्रांसफार्मर और 149 जल आपूर्ति योजनाएं बाधित हो गई हैं। पिछले तीन दिनों में कांगड़ा जिले के बाढ़ग्रस्त इलाकों से 2,074 लोगों को निकाला गया है। समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए शिमला की एक स्थानीय निवासी ने कहा कि वह और उनका परिवार जिस इमारत में रह रहे थे वह असुरक्षित हो गई है। उन्होंने कहा, “हमारी इमारत असुरक्षित हो गई है। वहां रहने वाले सभी लोग अपने मूल स्थानों पर चले गए हैं क्योंकि उन्हें यहां कमरा नहीं मिल रहा है। मैंने ऐसी स्थिति कभी नहीं देखी।”
हिमाचल प्रदेश के 10 जिलों में 21-22 अगस्त को भारी बारिश को लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी
हिमाचल प्रदेश में स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार को राज्य के 10 जिलों में अलग-अगल स्थानों पर 21 तथा 22 अगस्त को भारी बारिश, तूफान और बिजली गिरने को लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। मौसम विभाग कार्यालय ने एक विज्ञप्ति में बताया कि आगामी 48 घंटे के दौरान निचली और मध्य पहाड़ियों के कुद स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के जारी रहने की संभावना है। राज्य में 21 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में तेजी आने का अनुमान है और 24 अगस्त तक कई हिस्सों में बारिश होगी। मौसम विभाग ने राज्य में 21 से 23 अगस्त तक गैर-जनजातीय जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने का पूर्वानुमान लगाया है जबकि कुछ स्थानों पर आंधी आने के साथ बिजली गिर सकती है। इसके परिणामस्वरूप यातायात और अन्य आवश्यक सेवाएं बाधित हो सकती हैं। राज्य के कुछ स्थानों पर इस दौरान हल्की बारिश हुई जिनमें से नगरोटा सूरियां में सबसे अधिक 50 मिलीमीटर(मिमी) बारिश हुई। इसके बाद कसौली में 40 मिमी, काहू में 20 मिमी, सोलन में 11 मिमी और गुलेर, घमरूर, पालमपुर, सुजानपुर, बिलासपुर सदर तथा रेणुका सभी में 10 मिमी बारिश हुई।
गहलोत ने हिमाचल प्रदेश को 15 करोड़ रुपये की सहायता देने की घोषणा की
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश एवं भूस्खलन से प्रभावित लोगों के लिए 15 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा शुक्रवार को की। गहलोत ने सोशल मीडिया मंच एक्स (पूर्ववर्ती ट्विटर) पर लिखा, ‘‘हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश एवं भूस्खलन से बनी मुश्किल परिस्थितियों में पीड़ित लोगों की मदद के लिए राजस्थान सरकार की ओर से 15 करोड़ रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। उन्होंने लिखा, हम सभी राजस्थानी इन विकट परिस्थितियों में हिमाचलवासियों के साथ खड़े हैं। मैं ईश्वर से सभी को सुरक्षित रखने की कामना करता हूं। उल्लेखनीय है कि हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों में वर्षा जनित घटनाओं में 75 लोगों की जान चली गयी है।
हिमाचल प्रदेश के आपदा पीड़ितों को छत्तीसगढ़ की ओर से 11 करोड़ रुपये की सहायता
छत्तीसगढ़ सरकार ने हिमाचल प्रदेश के आपदा पीड़ितों के लिए 11 करोड़ रुपये सहायता राशि के तौर पर देने की घोषणा की है। जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और भूस्खलन से मची तबाही के बीच लोगों की मदद के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़वासियों की ओर से 11 करोड़ रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि हिमाचल में भीषण प्राकृतिक आपदा आई है, ऐसे में सभी छत्तीसगढ़वासी हिमाचल के लोगों के साथ हैं। अधिकारियों ने बताया कि बघेल ने बृहस्पतिवार को हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से फोन पर बातचीत की थी तथा हिमाचल प्रदेश के हालात की जानकारी ली थी। मुख्यमंत्री बघेल ने कहा, ‘‘ पूरा देश हिमाचल प्रदेश के लोगों के साथ है। हम सब सामूहिक एकजुटता के साथ आपदा का सामना करेंगे और सामान्य स्थिति बहाल होने के लिए कार्य करेंगे।