पेंशन सुधार पर फ्रांस में धधक रही विद्रोह की चिंगारी, सड़कों पर गाना गाते दिखे राष्ट्रपति मैक्रों
पेंशन सुधार पर फ्रांस में धधक रही विद्रोह की चिंगारी, सड़कों पर गाना गाते दिखे राष्ट्रपति मैक्रों

दुनिया का एक मुल्क इन दिनों इतिहास के विद्रोह की सबसे बड़ी आग में धधक रहा है। सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले के बाद यह विद्रोह और धधक उठा है। फ्रांस में पिछले 3 महीने से पेंशन बिल के खिलाफ जनता का जबरदस्त प्रदर्शन हो रहा है। पेंशन सुधार के विरोध में पेरिस की सड़कों पर भीषण आगजनी और विरोध प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। पुलिस चौकी को आग के हवाले भी कर दिया गया। लेकिन फ्रांस में इन तमाम बिगड़ते हालातों के बीच राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों गाने गाते हुए दिखाई दिए हैं। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आते ही इस पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है और फ्रांस के राष्ट्रपति को सोशल मीडिया पर खूब ट्रोल भी किया जा रहा है।
वीडियो मंगलवार को ऑनलाइन सामने आया जिसमें मैक्रों एक टेलीविजन संबोधन के बाद सड़क पर एक पारंपरिक गीत गाते नजर आए। उन्होंने अपने अलोकप्रिय पेंशन सुधारों पर तनाव को शांत करने की मांग की थी। शुरुआत में लोगों को यकीन नहीं हुआ और लगा कि वीडियो को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से बनाया गया है। लेकिन बाद में मैक्रों के करीबी लोगों ने कहा कि ये असली है।
बता दें कि फ्रांस में पेंशन बिल को सुप्रीम कोर्ट से मंजूरी मिल गई है और इसके बाद फ्रांस के 200 शहरों में एक साथ प्रदर्शन हुए हैं। ऐसे में सवाल उठने लगे हैं कि मैक्रों का यह फैसला उनके राजनीतिक कैरियर के लिए एक बुरा सपना साबित होगा या फिर फ्रांस में हालात सामान्य हो जाएंगे। फ्रांस 3 महीने से जल रहा है। कोर्ट के फैसले के बाद पेरिस समेत 200 शहरों में हिंसा बढ़ गई। रेनन्स शहर में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस स्टेशन में आग लगा दी। पेरिस में पुलिस ने 112 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया। पेरिस सिटी हॉल के बाहर सरकार के खिलाफ नारेबाजी हुई। गुस्साई भीड़ ने बैस्टल स्क्वायर के बाहर आगजनी की।