Delhi Weather: दिल्ली में अब फिर कहर ढाएगी शीत लहर, सोमवार से बढ़ेगी ठिठुरन; कोहरे को लेकर येलो अलर्ट
Delhi Weather: दिल्ली में अब फिर कहर ढाएगी शीत लहर, सोमवार से बढ़ेगी ठिठुरन; कोहरे को लेकर येलो अलर्ट

दिल्ली में सोमवार से फिर बढ़ेगी ठिठुरन, दो दिन रहेगा शीत लहर का सितम
Delhi Weather Update राजधानी में शनिवार को मौसम खुशनुमा रहा। दिन में ठंडी हवा चलने से पिछले दिन के मुकाबले अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट जरूर हुई लेकिन सुबह में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
नई दिल्ली, । राजधानी में शनिवार को मौसम खुशनुमा रहा। दिन में ठंडी हवा चलने से पिछले दिन के मुकाबले अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट जरूर हुई लेकिन सुबह में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इस वजह से इस माह पहली बार न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच गया। इससे ठंड से काफी हद तक राहत रही। वहीं, शनिवार को भी वायु प्रदूषण से राहत नहीं मिली है।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को आकाश साफ रहेगा और सुबह में हल्का कोहरा होगा। साथ ही तापमान में गिरावट भी शुरू होगी। फिर भी रविवार को ठंड से कुछ हद तक राहत रहेगी। इसके बाद सोमवार से बुधवार के बीच दिल्ली के कई इलाकों में शीत लहर चलेगी।
दो दिन चलेगी दिल्ली में शीत लहर
खास तौर पर मंगलवार और बुधवार को दिल्ली में शीत लहर रहेगी। इससे दिल्ली में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस पर पहुंच सकता है। इस दौरान आया नगर और रिज एरिया में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस रह सकता है। हालांकि, मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार शीत लहर की अवधि कम होगी और इसके बाद इस सीजन में शीत लहर आने की संभावना नहीं है।
कहां कितना रहा तापमान?
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान सबसे कम रिज एरिया में 7.6 डिग्री सेल्सियस और आया नगर में 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इन इलाकों में अधिकतम तापमान क्रमश: 18.6 डिग्री सेल्सियस और 18.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
अधिकतम तापमान जाफरपुर में सबसे कम 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहां न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पहले दिल्ली में अधिकतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस था।
चार दिन के लिए येलो अलर्ट
शुक्रवार को मध्यम स्तर का कोहरा होने के कारण सुबह साढ़े आठ बजे पालम एयरपोर्ट के पास दृश्यता 500 मीटर रही। मौसम विभाग ने 17 से 20 जनवरी तक के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कोहरा अधिक हो सकता है।
19 जनवरी से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ
स्काइमेट वेदर के मौसम विशेषज्ञ महेश पलावत ने कहा कि 19 जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसलिए उस दिन से तापमान बढ़ना शुरू होगा। 23 व 24 जनवरी को कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है। इसके बाद 25 जनवरी से तापमान फिर कुछ कम होगा।
दिल्ली में बेहद खराब श्रेणी में रही हवा की गुणवत्ता
शनिवार को प्रदूषण के स्तर में आंशिक सुधार हुआ। फिर भी हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में बरकरार है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार रविवार को एयर इंडेक्स में थोड़ा सुधार हो सकता है लेकिन हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में निचले स्तर रहेगी। सोमवार से एयर इंडेक्स बढ़ सकता है फिर भी तीन दिन तक हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में ही रहेगी।
सीपीसीबी के अनुसार दिल्ली का एयर इंडेक्स 353 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में है। एक दिन पहले दिल्ली का एयर इंडेक्स 378 था। फरीदाबाद का एयर इंडेक्स 337 व ग्रेटर नोएडा का एयर इंडेक्स 331 रहा। इस वजह से इन दोनों शहरों में भी हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में रही। नोएडा, गाजियाबाद व गुरुग्राम का एयर इंडेक्स खराब श्रेणी में क्रमश: 300, 275 व 288 दर्ज किया गया।