राजनीति

भारत जोड़ो यात्रा के मुरीद हुए शत्रुघ्न सिन्हा, कहा- लाल चौक के बाद लाल किले पर भी झंडा फहराएंगे राहुल गांधी

भारत जोड़ो यात्रा के मुरीद हुए शत्रुघ्न सिन्हा, कहा- लाल चौक के बाद लाल किले पर भी झंडा फहराएंगे राहुल गांधी

तृणमूल कांग्रेस सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली जा रही भारत जोड़ो यात्रा की जमकर तारीफ करते हुए इसे ऐतिहासिक और क्रांतिकारी यात्रा बताया है। पश्चिम बंगाल के आसनसोल संसदीय क्षेत्र से तृणमूल सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा है कि कश्मीर के लाल चौक पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने जा रहे राहुल गांधी एक दिन लाल किले पर भी राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। उन्होंने कहा कि उपहास का पात्र बनाये जाने से लेकर सम्मान हासिल करने तक की उनकी यह यात्रा उनकी उपलब्धियों और काबलियत को दर्शाती है। समाचार एजेंसी एएनआई को दिये एक साक्षात्कार में शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से राहुल गांधी एक युवा आइकॉन के रूप में उभरे हैं और अब उनकी छवि पहले की तुलना में एकदम बदल गयी है। शत्रुघ्न सिन्हा ने आरोप लगाया कि कुछ लोग जानबूझकर राहुल गांधी की छवि खराब करने का अभियान चलाते हैं लेकिन अब उनको निराशा ही हाथ लगेगी।

शत्रुघ्न सिन्हा ने एक अन्य प्रश्न के उत्तर में कहा कि राहुल गांधी में प्रधानमंत्री बनने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार ने देश की हमेशा सेवा की है और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि उनके परिवार ने देश के लिए काफी योगदान दिया है। शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की तुलना लालकृष्ण आडवाणी की रथ यात्रा और पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की यात्रा से की जा सकती है। उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनावों में भारत जोड़ो यात्रा का निश्चित रूप से असर पड़ेगा।

एक अन्य प्रश्न के उत्तर में शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनावों में तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी गेम चेंजर के रूप में उभरेंगी और उस समय देश में एक अलग ही माहौल होगा। उन्होंने दावा किया कि अब ममता बनर्जी एक आयरन लेडी बन चुकी हैं और कोई भी दल उन्हें हल्के में नहीं ले सकता। उन्होंने कहा कि विपक्षी एकता समय की जरूरत है लेकिन इसके लिए सभी को प्रयास करने होंगे।

तृणमूल कांग्रेस सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा निकाली जा रही समाधान यात्रा की भी सराहना करते हुए कहा कि इससे जनता को बड़ा लाभ होगा। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार एक लोकप्रिय नेता हैं और जनता के बीच हर नेता को जाना ही चाहिए।

IMG-20250402-WA0032

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!