सर्द हवाओं की चपेट में राष्ट्रीय राजधानी, शुक्रवार रहा सीजन का सबसे ठंडा दिन; जानिए आज का हाल
सर्द हवाओं की चपेट में राष्ट्रीय राजधानी, शुक्रवार रहा सीजन का सबसे ठंडा दिन; जानिए आज का हाल


शुक्रवार को दर्ज हुआ अब तक सबसे कम न्यूनतम तापमान
उत्तर पश्चिम की तरफ से आने वाली सर्द हवाओं के कारण राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ठंड बढ़ गई है। शुक्रवार की सुबह सीजन में सबसे अधिक ठंड रही। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार आज आकाश साफ रहने वाला है।
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। उत्तर पश्चिम की तरफ से आने वाली ठंडी हवा के कारण दिल्ली में ठंड बढ़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। अगले कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। इसके अलावा सोमवार से सुबह के वक्त कोहरा बढ़ सकता है।
दिल्ली में प्रदूषण का हाल
दिल्ली की वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई है। क्योंकि सुबह 9 बजकर 10 मिनट पर वायु गुणवत्ता सूचकांक 290 दर्ज किया गया। AQI शून्य से 50 के बीच अच्छा, 51 और 100 के बीच संतोषजनक, 101 और 200 के बीच मध्यम, 201 और 300 के बीच खराब, 301 और 400 के बीच बेहद खराब और 401 और 500 के बीच गंभीर माना जाता है।
शुक्रवार रहा सीजन का सबसे सर्द दिन
ठंडी हवा के कारण शुक्रवार की सुबह इस सीजन में अब तक सबसे अधिक ठंड रही। लेकिन दिन में तेज धूप निकलने के कारण पिछले दिन के मुकाबले अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस वजह से दिन के वक्त ठंड से राहत रही।
शुक्रवार को दर्ज हुआ अब तक सबसे कम न्यूनतम तापमान
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम है। यह इस सीजन में अब तक सबसे कम न्यूनतम तापमान है।
आया नगर में भी न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहां अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस रहा। बृहस्पतिवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
