
मुजफ्फरनगर – डिजिटल अरेस्ट और साइबर ठगी के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर मुजफ्फरनगर साइबर क्राइम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कंबोडिया से संचालित साइबर अपराधियों को फर्जी सिम और OTP उपलब्ध कराने वाले अंतर्जनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में 3648 यूनिक सिमकार्ड के इस्तेमाल का खुलासा हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 10 मोबाइल फोन और 4 अतिरिक्त सिमकार्ड बरामद किए गए हैं।
70 करोड़ के लेनदेन का डर दिखाकर 20.94 लाख की ठगी
पुलिस के मुताबिक, एक पीड़ित को 15 अक्टूबर 2026 को फोन कर बताया गया कि उसका मोबाइल सिम आतंकवादियों के पास कश्मीर में मिला है और उसके HDFC बैंक खाते से 70 करोड़ रुपये का अवैध लेनदेन हुआ है। इसके बाद ठगों ने खुद को ATS और NIA का अधिकारी बताकर व्हाट्सएप पर फर्जी गिरफ्तारी वारंट, सरकारी नोटिस और गोपनीयता समझौते भेजे। गिरफ्तारी और आजीवन कारावास का डर दिखाकर पीड़ित को 15 से 23 अक्टूबर तक नौ दिन डिजिटल अरेस्ट रखा गया और 20,94,900 रुपये ठग लिए गए।
ऐसे खुला 3648 फर्जी सिम का नेटवर्क
शिकायत की जांच में साइबर क्राइम पुलिस को पता चला कि ठगी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों के व्हाट्सएप अकाउंट कंबोडिया से संचालित हो रहे थे, जबकि ज्यादातर सिम अमरोहा से जारी हुए थे। तकनीकी जांच में करीब 49 IMEI के माध्यम से 8223 सिमकार्ड का डाटा सामने आया। इनमें 3648 यूनिक सिमकार्ड मिले। इनमें VI के 2550, एयरटेल के 1035 और जियो के 63 सिमकार्ड शामिल थे।
सरकारी योजनाओं का झांसा देकर गरीबों की KYC का दुरुपयोग
पुलिस जांच के अनुसार, गिरोह के सदस्य लोगों को राशन, बीमा, सरकारी योजनाओं और NGO के माध्यम से सहायता दिलाने का झांसा देकर उनकी KYC कराते थे। इसके बाद उनकी पहचान पर सिमकार्ड जारी कराए जाते थे। सिम को एक्टिवेट कराने के बाद दूसरे सदस्यों तक पहुंचाया जाता था। आगे इन सिमकार्ड के OTP साइबर अपराधियों को बेचे जाते थे।
150 से 300 रुपये में बिकता था व्हाट्सएप OTP
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी अंकुश सैनी व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए साइबर अपराधियों को OTP उपलब्ध कराता था। डिजिटल अरेस्ट में इस्तेमाल हुए नंबरों के व्हाट्सएप OTP करीब 300 रुपये में बेचे गए। अलग-अलग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म, गेमिंग, सोशल मीडिया और शॉपिंग साइट के OTP की भी कीमत तय थी।
Amazon-Flipkart से लेकर ऑनलाइन डिलीवरी कंपनियां भी निशाने पर
पूछताछ में ऑनलाइन शॉपिंग और इंस्टेंट डिलीवरी कंपनियों के नाम पर ठगी के नए तरीके का भी खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार, ठग ऑर्डर कैंसिल और रिफंड के नाम पर लोगों को आकर्षक ऑफर देते थे। 2 हजार से 10 हजार रुपये तक के ऑर्डर पर सामान मिलने और रिफंड वापस होने का लालच दिया जाता था। इसके बदले रिफंड की 50 प्रतिशत रकम ठग वसूलते थे। Amazon, Flipkart, Myntra, Blinkit, Zomato और Swiggy जैसी कंपनियों के नाम सामने आए हैं।
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने अमरोहा निवासी तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है:
1. अंकुश सैनी निवासी मुकिमपुरा, थाना मंडी धनौरा — सिम खरीदने और OTP बेचने का काम।
2. अक्षय कुमार अग्रवाल निवासी जयओम नगर, अमरोहा — VI डिस्ट्रीब्यूटर।
3. अब्दुल मलिक निवासी नियारियान, अमरोहा — विभिन्न टेलीकॉम कंपनियों का POS एजेंट।
10 मोबाइल और 4 सिमकार्ड बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए 10 मोबाइल फोन और 4 अतिरिक्त सिमकार्ड बरामद किए गए हैं। मामले में थाना साइबर क्राइम मुजफ्फरनगर पर मुकदमा संख्या 38/2026 धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2), 3(5) BNS और 66C/66D IT एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।
कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के पर्यवेक्षण में एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ, सीओ क्राइम सुभाषचंद और साइबर क्राइम थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह, गौरव कुमार, जय शर्मा, पंकज कुमार सहित साइबर क्राइम थाना की टीम शामिल रही।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप

