
मुजफ्फरनगर – हवाई हमले जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए मुजफ्फरनगर में 22 नवंबर को दूसरी मॉक एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी। शाम 6 बजे सायरन बजाकर अभ्यास शुरू होगा। इस दौरान दो मिनट का ब्लैकआउट कराया जाएगा और नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने का अभ्यास कराया जाएगा। मॉकड्रिल पुलिस लाइन परिसर में आयोजित होगी।
मॉकड्रिल की तैयारियों को लेकर जिला पंचायत सभागार में बैठक हुई। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एवं नोडल अधिकारी नागरिक सुरक्षा गंभीर सिंह ने बताया कि अभ्यास को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं। इसमें पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य, विद्युत, आपूर्ति विभाग, होमगार्ड, NCC, स्काउट एंड गाइड, NSS और आपदा प्रबंधन विभाग के साथ नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक शामिल होंगे।
सायरन बजते ही होगा ब्लैकआउट
अभ्यास के दौरान शाम 6 बजे दो मिनट तक ऊंची-नीची आवाज में सायरन बजाकर हवाई हमले की चेतावनी दी जाएगी। इसके साथ निर्धारित स्थलों की बिजली बंद कर ब्लैकआउट कराया जाएगा। नागरिकों को सुरक्षित स्थानों और शेल्टरों में पहुंचने का अभ्यास कराया जाएगा।
ऑल क्लियर सायरन के बाद शुरू होगा रेस्क्यू ऑपरेशन
खतरा समाप्त होने पर दो मिनट तक ऊंची आवाज में ऑल क्लियर सायरन बजाया जाएगा। इसके बाद छोटी आग को फायर एक्सटिंग्विशर से बुझाने और बड़ी आग पर फायर टेंडर की मदद से काबू पाने का अभ्यास होगा।
मलबे में फंसे लोगों को निकालेंगे, घायलों को पहुंचाएंगे अस्पताल
मॉकड्रिल में क्षतिग्रस्त भवनों के मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने और गंभीर घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने का पूर्वाभ्यास भी किया जाएगा।
प्रशासन का उद्देश्य विभिन्न विभागों की तैयारियों को परखना, आपसी समन्वय मजबूत करना और किसी भी आपातकालीन स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करना है।
बैठक में एसपी सिटी अमृत जैन, बिजली विभाग के एक्सईएन सागरमल, सीवीओ डॉ. जितेंद्र गुप्ता, डिप्टी सीएमओ डॉ. महक सिंह, सीएफओ अनुराग कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं नागरिक सुरक्षा से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप

