
मुजफ्फरनगर – किसानों के ट्यूबवैल और बिजली ट्रांसफार्मरों को निशाना बनाकर विद्युत उपकरण और कीमती सामान चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ बुढ़ाना पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन किसान प्रहरी के तहत मंदवाड़ा मार्ग पर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। बदमाशों की ओर से पुलिस टीम पर फायरिंग की गई, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ नियंत्रित जवाबी फायरिंग की। इसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो अन्य साथियों को कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, कॉपर और एल्युमिनियम के तार, विद्युत केबल, स्टार्टर, क्षतिग्रस्त कंट्रोलर, ट्रांसफार्मर की कॉइल, चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, मोटरसाइकिल, 49 पव्वे शराब और 5 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस को देखते ही ईंख के खेत में घुसे बदमाश
पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर को बुढ़ाना पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम क्राउन कट के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मंदवाड़ा मार्ग पर बिजली ट्रांसफार्मर और ट्यूबवैल से उपकरण चोरी करने वाले गिरोह के सदस्य मौजूद हैं।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो तीन संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। पुलिस को देखकर तीनों ईंख के खेत में घुस गए। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार किया, जबकि दो अन्य को कांबिंग के दौरान दबोच लिया।
मुजफ्फरनगर और शामली की 8 चोरी की घटनाओं का खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका संगठित गिरोह है, जो ट्यूबवैल से विद्युत उपकरण, तार और ट्रांसफार्मर से कीमती सामान चोरी करता था। चोरी का सामान बेचकर वे अवैध कमाई करते थे। पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई से मुजफ्फरनगर और शामली जनपद के विभिन्न थानों में दर्ज चोरी और विद्युत उपकरणों से संबंधित आठ मुकदमों का खुलासा हुआ है।
आरोपियों ने बताया कि सरताज कबाड़ी का काम करता है और वे चोरी किए गए विद्युत उपकरण उसे बेचते थे। इसके अलावा बरामद शराब रतनपुरी थाना क्षेत्र में स्थित एक शराब ठेके से चोरी करने की बात भी आरोपियों ने स्वीकार की है।
हिस्ट्रीशीटर समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलीम उर्फ चौना निवासी निराना थाना सिखेड़ा, लवकुश निवासी निराना थाना सिखेड़ा और सरताज निवासी मंसूरपुर के रूप में हुई है। मुठभेड़ में घायल सलीम उर्फ चौना को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, सलीम उर्फ चौना हिस्ट्रीशीटर (एचएस-24ए) है और सिखेड़ा थाने के चोरी गैंग का सक्रिय सदस्य भी रहा है। उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
शामली तक फैला था चोरी का नेटवर्क
पुलिस द्वारा जारी विवरण के अनुसार, गिरोह के खिलाफ शामली कोतवाली में दर्ज चार मुकदमों के साथ नई मंडी, बुढ़ाना और रतनपुरी थानों के चार अन्य मामलों का भी अनावरण हुआ है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और चोरी का सामान खरीदने वालों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
इस मामले में थाना बुढ़ाना पर मुकदमा अपराध संख्या 485/2026 धारा 109(1) बीएनएस एवं 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई एसएसपी सूरज कुमार राय के पर्यवेक्षण में एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह और प्रभारी निरीक्षक सुभाष बाबू अत्री के नेतृत्व में बुढ़ाना पुलिस तथा एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने की।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप

