
मुजफ्फरनगर – जनपद में खराब मौसम की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने आमजन से सतर्कता बरतने की अपील की है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जनपद में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके मद्देनजर जिलाधिकारी कार्यालय एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जनहित में मौसम संबंधी एडवाइजरी जारी कर लोगों को आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए हैं।
आंधी के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहें
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थान पर रहें। मोबाइल फोन चार्ज रखें तथा टॉर्च, प्राथमिक उपचार किट और जरूरी दवाइयां उपलब्ध रखें। आंधी के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों, होर्डिंग और जर्जर भवनों के पास खड़े होने से बचें।
गरज-चमक और बिजली कड़कने के दौरान खुले मैदान, खेत, तालाब एवं जलाशयों के आसपास न रहें। बिजली चमकने के समय धातु की वस्तुओं से दूरी बनाए रखें। बिजली के तार टूटने या किसी अन्य आपात स्थिति में संबंधित विभाग को तत्काल सूचना दें। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील भी की है।
किसानों को फसल सुरक्षित रखने की सलाह
मौसम की संभावित खराबी को देखते हुए किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। किसानों से कहा गया है कि वे फसलों की कटाई, मड़ाई और भंडारण की योजना मौसम पूर्वानुमान के अनुसार बनाएं। कटी हुई फसल और कृषि उपज को सुरक्षित एवं ढके हुए स्थान पर रखें, ताकि तेज हवाओं और संभावित वर्षा से नुकसान की आशंका कम हो सके।
खराब मौसम के दौरान खेतों में काम करते समय विशेष सतर्कता बरतने तथा फसल को नुकसान होने की स्थिति में संबंधित लेखपाल, कृषि विभाग या तहसील प्रशासन को सूचना देने की अपील की गई है।
पशुपालक भी बरतें सावधानी
जिला प्रशासन ने पशुपालकों को निर्देश दिए हैं कि वे पशुओं को सुरक्षित और मजबूत आश्रय में रखें। तेज हवा और आकाशीय बिजली की आशंका के दौरान पशुओं को खुले मैदान या पेड़ों के नीचे न बांधें। साथ ही पशुओं के लिए चारे और स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था बनाए रखें।
स्कूलों और निर्माण स्थलों पर सुरक्षा के निर्देश
विद्यालयों, संस्थानों और निर्माण स्थलों पर भी मौसम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। कमजोर एवं अस्थायी संरचनाओं, टिन शेड और निर्माणाधीन भवनों की सुरक्षा जांचने तथा विद्यालय परिसरों में पेड़ों, बिजली के तारों और अन्य संभावित जोखिम वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश
राजस्व, कृषि, पंचायती राज, नगर निकाय, विद्युत, पुलिस, अग्निशमन और स्वास्थ्य विभाग को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी रखने, आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने तथा जनहानि, पशुहानि या संपत्ति को नुकसान होने की सूचना तत्काल तहसील और जिला प्रशासन तक पहुंचाने को कहा गया है। आवश्यकता पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्यों के लिए संसाधन तैयार रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।
आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क
– पुलिस सहायता: 112
– अग्निशमन सेवा: 101
– एम्बुलेंस सेवा: 108
जिला प्रशासन की विशेष अपील
जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, बल्कि सतर्क रहें और मौसम संबंधी आधिकारिक चेतावनियों का पालन करें। नागरिक अपनी सुरक्षा के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।
आपकी सतर्कता, आपकी सुरक्षा।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप

