
मुजफ्फरनगर – प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 के मद्देनजर मुजफ्फरनगर जनपद के सभी शिक्षण संस्थानों में 30 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को एक दिवसीय शैक्षणिक अवकाश घोषित किया गया है। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक हरिकेश यादव ने आदेश जारी कर सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा है।
जारी आदेश के अनुसार, जनपद में PET-2026 की लिखित परीक्षा के लिए 22 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर 2026 को दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है।
किन शिक्षण संस्थानों में रहेगा अवकाश?
जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से जारी आदेश के तहत जनपद के समस्त राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और वित्तविहीन मान्यता प्राप्त बेसिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के साथ-साथ सीबीएसई, आईसीएसई बोर्ड के विद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में 30 अक्टूबर को शैक्षणिक अवकाश रहेगा।
परीक्षा ड्यूटी वाले शिक्षक-कर्मचारियों को करना होगा काम
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि शैक्षणिक अवकाश के बावजूद PET-2026 परीक्षा में जिन शिक्षकों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, उन्हें अपने निर्धारित दायित्वों का निर्वहन करना होगा। ऐसे कर्मचारियों को परीक्षा संबंधी कार्यों के लिए निर्धारित समय पर उपस्थित रहना अनिवार्य होगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारियों और विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप

