मुजफ्फरनगर – विकास भवन में शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गंभीर सिंह की अध्यक्षता में व्यापार बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के व्यापारिक क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। व्यापारियों ने बिजली आपूर्ति, जलभराव, नालों के निर्माण, साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाओं से संबंधित मुद्दे उठाए। इस पर एडीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी गंभीर सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि व्यापारिक क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाया जाए। विद्युत आपूर्ति और परिवहन व्यवस्था सुचारू रखने के साथ जलभराव, साफ-सफाई तथा अन्य समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए, ताकि व्यापारियों और आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बिजली आपूर्ति की समस्या पर अधिकारियों को निर्देश
बैठक में टाउन हॉल फीडर और महावीर चौक फीडर से जुड़ी विद्युत आपूर्ति की समस्या का मुद्दा प्रमुखता से उठा। इस पर अपर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को समन्वय बनाकर समस्या का शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिए।
जानसठ रोड के नाले का मुद्दा भी उठा
बैठक के दौरान जानसठ रोड पर नाले के निर्माण से संबंधित समस्या के समाधान की कार्रवाई भी कराई गई। इसके अलावा नगर पालिका ईओ को शहर के प्रमुख स्थानों पर सार्वजनिक शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। भगत सिंह रोड स्थित हनुमान चौक के समीप शौचालय की निरंतर सफाई के लिए एक सफाई कर्मचारी की तैनाती करने को भी कहा गया।
ब्याज माफी योजना-2026 का प्रचार-प्रसार करने की अपील
बैठक में व्यापारियों को ब्याज माफी योजना-2026 के तहत मिलने वाले लाभों की जानकारी दी गई। अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों और व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों से योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया, जिससे अधिक से अधिक पात्र व्यापारी इस योजना का लाभ उठा सकें।
बैठक का संचालन उपायुक्त राज्य कर (प्रशासन) शोभित श्रीवास्तव ने किया। इसमें विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी तथा विभिन्न व्यापार मंडलों के पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक का समापन सकारात्मक एवं सहयोगात्मक माहौल में हुआ।
- हिंदुस्तान लाइव टुडे डिजिटल न्यूज़ चैनल अमरदीप


