मुजफ्फरनगर – साइबर क्राइम थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार कुशाग्र अग्रवाल के खाते में 10 लाख रुपये और वापस करा दिए। इस मामले में अब तक पीड़ित को कुल 1 करोड़ 14 लाख रुपये वापस कराए जा चुके हैं।
पटेल नगर निवासी कुशाग्र अग्रवाल ने 20 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई थी कि साइबर अपराधियों ने उनके नाम और फोटो का दुरुपयोग कर व्हाट्सऐप के माध्यम से उनके अकाउंटेंट से संपर्क किया और प्रतिरूपण कर उनके एसबीआई खाते से 2 करोड़ रुपये ट्रांसफर करा लिए।
शिकायत मिलते ही साइबर क्राइम थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विभिन्न बैंकों के दो दर्जन से अधिक खातों में 1.23 करोड़ रुपये होल्ड कराए। इसमें से 2 सितंबर को 1.04 करोड़ रुपये तथा अब 6 सितंबर को 10 लाख रुपये पीड़ित के खाते में वापस कराए गए हैं।
पुलिस द्वारा शेष धनराशि की रिकवरी के साथ ही साइबर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।
मुजफ्फरनगर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और बैंक खाता संख्या, PIN, OTP व CVV किसी के साथ साझा न करें। साइबर फ्रॉड होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करें या साइबर सेल 9454401617 पर संपर्क करें।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप






